अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ज्वालापुर कोतवाली में महिला पुलिसकर्मियों का सम्मान








Listen to this article

हरिद्वार
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोतवाली ज्वालापुर में तैनात महिला पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा एवं एसएसआई खेमेन्द्र गंगवार ने महिला पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों के योगदान को सराहा गया। प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियों को भी बखूबी निभाती हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और सेवा भावना पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में महिला पुलिसकर्मियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। वे न केवल अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, बल्कि समाज में महिलाओं को सुरक्षा और विश्वास का माहौल देने में भी अहम योगदान दे रही हैं।


सम्मानित होने पर महिला पुलिसकर्मियों ने प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर एवं एसएसआई का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि थाना क्षेत्र में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि महिलाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की घटना या शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कोतवाली ज्वालापुर में तैनात सभी महिला पुलिसकर्मी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और जागरूकता को लेकर भी चर्चा की गई तथा समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई गई।