न्यूज 127, हरिद्वार।
जनपद हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में स्थित पतंजलि रिसर्च सेंटर में कार्यरत एक युवा सहायक इंजीनियर ने रविवार शाम अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक के कमरे का दरवाजा काफी देर तक बंद रहने पर संदेह हुआ। उन्होंने पीछे की खिड़की से झांककर देखा तो युवक दरवाजे के पास रस्सी के फंदे से लटका हुआ दिखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची बहादराबाद पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोलकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय रुड़की की मोर्चरी भिजवा दिया। मृतक की पहचान रितेश कुमार (25) पुत्र अभय कुमार सिंह, निवासी कोराई, थाना गढ़पुरा, जिला बेगूसराय (बिहार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रितेश कुमार पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में सहायक इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। संस्थान के पास ही किराए के कमरे में रह रहा था। पुलिस का मानना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
पतंजलि में कार्यरत युवा सहायक इंजीनियर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या




