स्वामी यतीश्वरानंद के जन्मदिन पर समर्थकों का शक्ति प्रदर्शन, विधायक बनाने का संकल्प




Listen to this article

हरिद्वार।
हरिद्वार स्थित वेद मंदिर आश्रम शुक्रवार को उत्साह, श्रद्धा और राजनीतिक ऊर्जा का केंद्र बन गया, जब पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के जन्मदिन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही आश्रम परिसर में ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देने लगी और “स्वामी यतीश्वरानंद जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा। समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर, बुके भेंट कर और मिठाई खिलाकर अपने लोकप्रिय नेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
जन्मदिन समारोह केवल बधाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर शक्ति प्रदर्शन और विश्वास का प्रतीक बन गया। समर्थकों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में स्वामी यतीश्वरानंद को भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजा जाएगा। समर्थकों के इस उत्साह और स्नेह से स्वामी यतीश्वरानंद भी भावुक और प्रफुल्लित नजर आए।


वेद मंदिर आश्रम में सुबह से देर शाम तक शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने स्वामी यतीश्वरानंद के दीर्घायु, स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान ने स्वा
मी यतीश्वरानंद को अपना राजनीतिक गुरु बताते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन जनसेवा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामी जी जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए हमेशा अग्रणी रहे हैं।
जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौहान ने कहा कि स्वामी यतीश्वरानंद के जन्मदिन पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास की राह पर अग्रसर है और वर्ष 2027 में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वामी यतीश्वरानंद हरिद्वार ग्रामीण से तीसरी बार विधायक चुने जाएंगे और पुनः कैबिनेट मंत्री बनकर क्षेत्र तथा प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
स्वामी यतीश्वरानंद ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि समर्थकों के स्नेह से अभिभूत है। उन्होंने कहा के बड़ी संख्या में समर्थक बधाई देने पहुंचे है, मैं सभी का आभार व्यक्त करने के साथ ही जनसेवा के लिए संकल्पबद्ध हूं।
जन्मदिन कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, सदस्य सोहनवीर, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौहान, प्रधान प्रदीप चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।