एआरटीओ कार्यालय के बाहर संचालित दुकानों और ढाबों पर डीएम मयूर दीक्षित की नजर टेढ़ी








Listen to this article

न्यूज 127.
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को रोशनाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय हरिद्वार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, आमजन को दी जा रही सुविधाओं तथा प्रवर्तन गतिविधियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कार्य में प्रादर्शिता और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि एआरटीओ कार्यालय में आने वाले नागरिकों के कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। यहां आने वाले आमजन को कार्य के दौरान अनावश्यक प्रतीक्षा या किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कार्यालय की कार्यप्रणाली पारदर्शी होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्धारित नियमों के अनुसार और उचित ड्राइविंग परीक्षण के आधार पर ही लाइसेंस जारी किया जाए। जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय परिसर के बाहर संचालित दुकानों और ढाबों के प्रति सख्त रूख अपनाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर के आसपास किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को बैठने की अनुमति न दी जाए। कार्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की नैतिक जिम्मेदारी है। प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रवर्तन अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए रात्रिकालीन चेकिंग अभियान भी चलाने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।