न्यूज 127.
बुधवार को थोड़ी देर के लिए आयी आंधी ने जगह जगह पेड़ों को जड़ से उखाड़ दिया। तेज हवा में होर्डिंग्स और बोर्ड भी उड़ गए। प्रेम नगर आश्रम के पास एक यूनिपोल टूटकर गिर पड़ा। इसके अलावा रेलवे ट्रैक पर पेड़ टूटकर गिरने से आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ों को ट्रैक से हटाकर और टूटी ओएचई लाइन ठीक कर ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।

शहर में करीब चार बजे से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला। इस दौरान आयी करीब 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने होश उड़ा दिये। शहर में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर पेड़ गिरने की सूचना सामने आयी। जमुना पैलेस के सामने बड़ा पेड़ टूटकर सड़क पर जा गिरा जिस कारण यातायात प्रभावित हो गया।

कनखल और जगजीतपुर में पेड़ टूटने से नुकसान का सामना करना पड़ा। कई वाहन पेड़ों की चपेट में आ गए। टूटे पेड़ों को हटाने के लिए फायर बिग्रेड मैदान में उतर गई। वहीं दूसरी ओर किलोमीटर संख्या 29/13 हरिद्वार से मोतीचूर के मध्य में रेलवे ट्रैक के ऊपर पेड़ गिरने की वजह से ट्रैक बाधित हुआ। यहां OHE क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर SSE/TRD विशाल कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रेल ट्रैक पर पड़े हुए वृक्ष को हटाया गया और रेलवे ट्रैक को करीब दो घंटे की मेहनत के बाद क्लियर किया गया। इस दौरान जनशताब्दी, शताब्दी, हेमकुंड समेत आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।




