“ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” की बड़ी सफलता: 10.23 करोड़ की MDMA ड्रग्स बरामद, महिला गिरफ्तार




Listen to this article


न्यूज127
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत उत्तराखंड पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी मिली है। नेपाल सीमा से सटे टनकपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार करते हुए 10.23 करोड़ मूल्य की एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स बरामद की है। यह अब तक की राज्य में सबसे बड़ी सिंगल ड्रग्स बरामदगी मानी जा रही है।
चंपावत व पिथौरागढ़ पुलिस की STF के साथ संयुक्त कार्यवाही में यह कामयाबी मिली। टनकपुर के गढ़ीगोठ पुल, पम्पापुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध अवस्था में भाग रही महिला को रोका गया। तलाशी में उसके बैग से 5.688 किलोग्राम एमडीएमए (एक्स्टसी) बरामद हुई।
गिरफ्तार महिला की पहचान ईशा (22), पत्नी राहुल कुमार, निवासी पम्पापुर, चंपावत के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि यह मादक पदार्थ उसके पति राहुल कुमार और उसके साथी कुनाल कोहली द्वारा 27 जून को पिथौरागढ़ लाया गया था। दोनों आरोपी पहले से ही मुम्बई में एनडीपीएस एक्ट में वांछित हैं और महिला को आज यह माल शारदा नहर में फेंकने का निर्देश दिया गया था।
ड्रग्स का विवरण:
ड्रग का नाम: MDMA (एक्स्टसी)
मात्रा: 5.688 किलोग्राम
बाज़ार मूल्य: 18,000 प्रति ग्राम
कुल कीमत: 10.23 करोड़
पुलिस की तत्परता पर मिला इनाम
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इस उल्लेखनीय कार्यवाही पर पुलिस टीम को 50,000 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
कानूनी व आगामी कार्यवाही:
महिला के खिलाफ NDPS Act की धाराओं 8/21/22 के तहत FIR दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार अभियुक्त राहुल कुमार और कुनाल कोहली की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इस तस्करी में अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, विशेषकर नाइजीरियाई गिरोह की भूमिका की भी जांच हो रही है।