कांवड़ मेला 2025: कचरे से निपटने के लिए पूरी रात चलेगा सफाई महाअभियान




Listen to this article

हरिद्वार, news 127.
चार करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन के साथए कांवड़ मेला 2025 इस वर्ष अभूतपूर्व भीड़ का साक्षी बना है। अनुमान है कि यह संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इतने विशाल जनसमूह के बीच स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम हरिद्वार के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। इस चुनौती का समाधान करने के लिए नगर निगम द्वारा एक विस्तृत और ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है।

इस कार्ययोजना के तहत 23 जुलाई 2025 की शाम 8 बजे से लेकर 24 जुलाई 2025 की सुबह 6 बजे तक एक विशेष सफाई महाअभियान चलाया जाएगा। इस महाअभियान में नगर निगम का उद्देश्य सभी प्रमुख घाटों एवं समस्त कांवड़ मेला मार्ग को 100 % स्वच्छ बनाना है।

चार नोडल अधिकारी नामित:

नगर निगम ने इसके लिए चार नोडल अधिकारी नामित किए हैं, जिनके अधीन विभिन्न क्षेत्रीय सफाई कार्यों के संचालन हेतु सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सभी अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि प्रत्येक घाट और मार्ग पर सफाई कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

इस महाअभियान में शामिल क्षेत्रों में मालवीय घाट, कनखल घाट, शिव घाट, अलकनंदा घाट, सुभाष घाट, नाई घाट, हाथी पुल, बिरला घाट, केशव आश्रम से CCR चौक तक, अपर रोड कोतवाली से भीमगौड़ा बैरियर, मोतीबाजार, सब्जी मंडी आदि प्रमुख स्थान शामिल हैं।

नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि इस अभियान के तहत संपूर्ण ठोस अपशिष्ट को एकत्र कर उसका वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

नगर निगम के इस ठोस एवं बहुस्तरीय प्रयास से यह उम्मीद की जा रही है कि कांवड़ मेला 2025 का समापन एक स्वच्छ, संगठित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में हो।