न्यूज 127.
बिहार के चार मोस्ट वांटेड गैंस्टर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए। पुलिस का दावा है कि ये चारों चुनाव के दौरान किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। दिल्ली पुलिस और बिहार पुलिस के साथ संयुक्त रूप से यह मुठभेड़ राजधानी के रोहिणी इलाके में हुई।
दिल्ली पुलिस ने जारी की जानकारी
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और बिहार पुलिस के संयुक्त अभियान में रोहिणी में हुई मुठभेड़ में बिहार के चार मोस्ट वांटेड गैंगस्टर मारे गए हैं। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर उस जगह की वीडियो शेयर की जहां देर रात करीब 2.20 बजे चार आरोपियों के साथ मुठभेड़ हुई।
मारे गए बदमाशों की पहचान
इस मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों की पहचान बिहार के रंजन पाठक (25), बिमलेश महतो (25), मनीष पाठक (33) और अमन ठाकुर (21) के रूप में हुई। रंजन पाठक, बिमलेश महतो और मनीष पाठक सीतामढ़ी, बिहार के रहने वाले थे और अमन ठाकुर करवाल नगर, दिल्ली का रहने वाला था।
गैंग लीडर रंजन पाठक भी ढेर
पुलिस के मुताबिक ये सभी कुख्यात रंजन पाठक गैंग से जुड़े थे। मुठभेड़ में गिरोह का सरगना रंजन पाठक भी ढेर हुआ है। इनकी योजना आगामी बिहार विधानसभा चुनावों से पहले किसी बड़ी आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने की थी। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में जाल बिछाकर इन चारों को घेरा।
बिहार में दर्ज है अपराधिक मुकदमे
मुठभेड़ में मारे गए चारों आरोपियों पर बिहार में कई मामले दर्ज बताए गए हैं। जिसमें हत्याएं और सशस्त्र डकैती जैसे गंभीर अपराध भी शामिल हैं। डीसीपी क्राइम ब्रांच डीसीपी संजीव यादव का कहना है कि दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बिहार पुलिस के साथ मिलकर रोहिणी में एक मुठभेड़ के दौरान बिहार के कुख्यात रंजन पाठक गिरोह के चार सदस्यों को मार गिराया।