एसपी कमलेश उपाध्याय ने मां यमुना की पूजा अर्चना की और सुरक्षा का कर्तव्य निभाया




Listen to this article

खरसाली पहुंचकर शीतकालीन यात्रा व्यवस्थाओं का लिया विस्तृत जायजा
उत्तरकाशी
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने मां यमुना जी के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली (खुशीमठ) मंदिर में पूजा अर्चना की और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शीतकालीन यात्रा तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की वर्तमान स्थिति, मार्ग पर आवश्यक सुधार, सुविधाओं की उपलब्धता एवं तीर्थयात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की।

एसपी कमलेश उपाध्याय ने खरसाली स्थित मां यमुना जी के मंदिर में पहुंचकर सबसे पहले विधिवत पूजा-अर्चना एवं दर्शन किए। तत्पश्चात एसपी ने तीर्थ पुरोहितों के साथ बैठक कर शीतकालीन यात्रा व्यवस्था, यात्रियों की बढ़ती संख्या, संभावित चुनौतियों और आगामी चारधाम यात्रा–2026 की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान पूर्व वर्षों की यात्राओं के अनुभवों और आवश्यक सुधारों पर फीडबैक भी लिया गया। उन्होंने मंदिर परिसर और उसके आसपास सुरक्षा एवं सतर्कता व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत यमुना वैली के बड़कोट में चल रहे पुलिस के ‘विशेष सत्यापन अभियान’ की समीक्षा करते हुए एसपी कमलेश उपाध्याय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाहरी प्रांतों से जनपद में रह रहे सभी व्यक्तियों—किरायेदारों, घरेलू सहायकों, मजदूरों, फड़–फेरी वालों एवं रेडी–ठेली लगाने वालों—का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सत्यापन प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की चेतावनी देते हुए क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को कड़े रूप में लागू करने पर जोर दिया।

सपी कमलेश उपाध्याय ने कहा कि शीतकालीन यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधाजनक आवाजाही और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने, गश्त प्रणाली मजबूत करने और आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।