न्यूज127, हरिद्वार।
श्री ओम विश्वविद्यालय के प्रांगण में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतरशाखीय क्रीड़ा सप्ताह (स्पोर्ट्स मीट) का भव्य आयोजन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय के सभी संकायों के छात्र-छात्राएं इस खेल महोत्सव में पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का सफल संचालन डॉ. अनिल कुमार झा (डीन, आयुर्वेदा) के नेतृत्व में किया जा रहा है।

क्रीड़ा सप्ताह का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मुनीश सैनी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी गणमान्य अतिथि, प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शुभारंभ समारोह के दौरान परिसर में उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
कार्यक्रम में प्रो-कुलपति प्रोफेसर एस.पी. पांडे ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का भी विकास होता है। खेल जीवन में संघर्ष से जूझने और सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा देते हैं।

क्रीड़ा सप्ताह के अंतर्गत आउटडोर एवं इनडोर दोनों प्रकार की प्रतियोगिताओं का सुव्यवस्थित आयोजन किया जा रहा है। आउटडोर खेलों में क्रिकेट, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, खो-खो, रस्साकशी, दौड़ एवं जम्प जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं, वहीं इनडोर खेलों में कैरम, लूडो, शतरंज के साथ-साथ रंगोली और पोस्टर पेंटिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। इन सभी प्रतियोगिताओं का संचालन विश्वविद्यालय की विभिन्न आयोजन समितियों द्वारा सुनियोजित ढंग से किया जा रहा है।
क्रीड़ा सप्ताह का समापन 20 दिसंबर 2025 को विश्वविद्यालय के सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायाब सैनी ने किया सम्मानित
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के लिए यह भी हर्ष का विषय रहा कि श्री ओम विश्वविद्यालय को उत्तराखंड में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने विश्वविद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्री ओम विश्वविद्यालय शिक्षा, नवाचार और सामाजिक उत्थान का एक उत्कृष्ट केंद्र है। यह संस्थान न केवल डिग्री प्रदान करता है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त मंच भी है।
मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी ने कुलाधिपति मुनीश सैनी की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, रोजगारोन्मुख शिक्षा देने और समाज के विकास में निरंतर योगदान दे रहा है।
खेल प्रतियोगिता को सफल बनाने में डॉ. सुशील कुमार, डॉ. विजय सिंह, डॉ. किरण मोहिते, डॉ. तृप्ति, डॉ. मोहिनी, डॉ. प्रांशु, डॉ. प्रियंक, डॉ. अभिषेक रमन, शशिर आर्य, अभिषेक शाह, विजय सिंह, पुष्पेंद्र तिवारी, शुभम, गौरव मनकोटिया, विशाखा, साधना, शुभम सेमवाल, अंकुर, प्रियंका सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।



