गंगा स्नान के बहाने साजिशन हत्या का आरोप, मुकदमा दर्ज








Listen to this article


हरिद्वार।
हरियाणा के पलवल जिले की रहने वाली एक महिला ने अपने बेटे की गंगा में डुबोकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। अदालत के आदेश पर नगर कोतवाली में इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
अदालत में दिए गए प्रार्थना पत्र में मीरा देवी पत्नी बच्चू सिंह, निवासी मण्डकौला थाना पलवल (हरियाणा) ने बताया कि बीती 20 जून को उसके बेटे रोहित को संदीप उर्फ तोता, मंगल तथा मंदिर श्रीधाम से जुड़े महाराज राम लखनदास सहित अन्य लोग गंगा स्नान के बहाने हरिद्वार लेकर आए थे। आरोप है कि सप्तऋषि आश्रम से परमार्थ घाट के बीच रोहित को जबरन गंगा में धक्का दे दिया गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई।
महिला का आरोप है कि यह घटना कोई दुर्घटना नहीं बल्कि पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा थी। मीरा देवी के अनुसार, रोहित मंदिर की देखरेख, लेखा-जोखा और लेन-देन का काम संभालता था। इसी को लेकर आरोपियों से उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था। गलत गतिविधियों में सहयोग न करने पर आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।
पीड़िता ने यह भी दावा किया है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज उसके पास मौजूद है, जो साजिश और हत्या की ओर इशारा करता है।
नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।