न्यूज 127. देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को लेखक गांव थानो, देहरादून में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित अटल स्मृति व्याख्यान माला-2025 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अटल प्रेक्षागृह का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को राज्य का दर्जा देने वाले अटल बिहारी वाजपेयी थे। यह कार्यक्रम उनके विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रनिष्ठ भावना को युवा पीढ़ी तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि अटल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मानवीय मूल्यों का जीवंत प्रतीक रहा।
ओजस्वी कवि थे अटल जी
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि अटल एक ओजस्वी कवि भी थे, जिन्होंने अपने शब्दों से देश की संवेदनाओं को स्वर दिया। उन्होंने अपने छात्र जीवन को स्मरण करते हुए कहा कि एबीवीपी के कार्यकर्ता के रूप में लखनऊ में अटल का मार्गदर्शन और आशीर्वाद मिलना उनके लिए सदैव गर्व का विषय रहेगा।
उनके लिए राष्ट्रहित रहा सर्वोपरि
मुख्यमंत्री ने कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, ग्राम सड़क योजना और दूरसंचार क्रांति जैसे निर्णयों ने भारत को नई दिशा दी। अटल ने देश की पहली गठबंधन सरकार का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा कर यह सिद्ध किया कि राष्ट्रहित सर्वोपरि हो तो विभिन्न दल मिलकर भी प्रभावी शासन दे सकते हैं। उन्होंने सेवा, सुशासन और गरीब-कल्याण पर आधारित नई कार्यसंस्कृति की नींव रखी।
आत्मनिर्भर भारत का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार कर रही है। स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल, स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया के माध्यम से देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे, हाईवे और सड़कों का जाल नए भारत की पहचान बन चुका है।
अटल जी का था उत्तराखंड से गहरा लगाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल का उत्तराखंड से गहरा लगाव था और उनके नेतृत्व में राज्य गठन से वर्षों का सपना साकार हुआ। अटल की प्रेरणा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण हेतु निरंतर कार्य कर रही है। रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत वृद्धि, किसानों की आय बढ़ाने में प्रथम स्थान और सतत विकास लक्ष्यों में देश में पहला स्थान राज्य की उपलब्धियाँ हैं।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, विदुषी निशंक, प्रेम बुढ़ाकोटी, सुरेश, प्रदीप सरधाना, सविता मोहन सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।



