भगवानपुर के बिनारसी गांव में हुए संघर्ष में दो लोगों की मौत, गांव में तनाव का माहौल








Listen to this article

न्यूज 127.
संत रविदास जयंती की शोभा यात्रा निकालने के बाद हुए दो पक्षों के संघर्ष में दो लोगों की मौत हो गई। एक की मौत मौके पर ही हुई जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव में संत रविदास जयंती की शोभायात्रा के बाद दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमकर फायरिंग और पथराव हुआ, जिसमें आनंद पुत्र लक्ष्मीचंद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका भाई विकास और योगेंद्र समेत दो अन्य लोग गोली लगने से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, शोभायात्रा के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसे मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने शांत करा दिया था। स्थिति को भांपते हुए पुलिस ने शोभायात्रा को समय से पहले संपन्न करा दिया, लेकिन शोभायात्रा समाप्त होने के बाद दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अचानक फायरिंग और पथराव शुरू हो गया, जिसमें आनंद की मौत हो गई। घटना के बाद एक पक्ष की ओर से हमलावर पक्ष के घरों में आगजनी और तोड़फोड़ की भी खबरें सामने आई हैं। पुलिस ने घायलों को रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं देर रात एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया इस घटना में घायल दूसरे पक्ष के भी मांगेराम की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।