न्यूज 127.
सरकारी भूमि से जुड़े मामले में तीन पीसीएस अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है। यह कार्रवाई यूपी में योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा की गई है। ये पीसीएस अधिकारी गाजियाबाद के एसडीएम विराग पांडेय, बुलंदशहर के एसडीएम लालता प्रसाद और एटा के एसडीएम सतीश कुमार हैं। तीनों को निलंबित कर उनके खिलाफ जांच बैठा दी गई है।
जानकारी के अनुसार चंदौली जिले में सरकारी और गांवसभा की जमीन से जुड़े मामलों में बड़ी गड़बड़ी सामने पर यह कार्रवाई की गई है। जांच में पता चला है कि कुछ अफसरों ने अवैध कब्जा हटाने के बजाय कब्जेदारों को फायदा पहुंचाया।
जांच के बाद सरकार ने तीन पीसीएस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। तीनों ही अधिकारी पहले यहां तहसीलदार के रूप में तैनात थे। इनमें तत्कालीन तहसीलदार सतीश कुमार (वर्तमान तैनाती: एसडीएम एटा) विराग पांडेय (वर्तमान तैनाती: एसडीएम गाजियाबाद) व लालता प्रसाद (वर्तमान तैनाती: एसडीएम बुलंदशहर) शामिल हैं।
इस मामले की शिकायत मिलने पर तीन सदस्य जांच समिति गठित की गई थी। प्रमुख सचिव नियुक्ति एम देवराज की ओर से जारी आदेश में तीनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनिक जांच शुरू करते हुए वाराणसी के मंडलायुक्त को जांच अधिकारी नामित किया गया है।







