पंजनहेड़ी गोलीकांड: आरोपियों से जान का खतरा, दो के पास लाइसेंसी हथियार








Listen to this article

जिला पंचायत उपाध्यक्ष व ग्राम प्रधान के नेतृत्व में एसपी सिटी से की मुलाकात
हरिद्वार।
पंजनहेड़ी गोलीकांड प्रकरण में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों और समर्थकों का प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह से मुलाकात कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई और स्वयं व परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई।


जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान व नूरपुर पंजनहेड़ी के ग्राम प्रधान प्रदीप चौहान ने ने बताया कि 28 जनवरी 2026 को ग्राम पंजनहेड़ी स्थित उषा टाउनशिप में हुए गोलीकांड में उनके भाई सचिन चौहान और रिश्तेदार कृष्णपाल पर जानलेवा हमला किया गया था। इस प्रकरण में अभी तक चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जो खुलेआम घूम रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि मातृसदन के ब्रह्मचारी सुधानंद को अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि अन्य आरोपी— तरुण चौहान (भाजयुमो प्रदेश मंत्री) पुत्र दीपक, गौरव चौहान पुत्र प्रदीप कुमार, अभिषेक चौहान उर्फ सिम्मी पुत्र सतवीर और अभिषेक पुत्र त्रिलोक चंद अब तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान एवं ग्राम प्रधान प्रदीप चौहान ने आरोप लगाया कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि तरुण चौहान और गौरव चौहान के पास अब भी लाइसेंसी हथियार मौजूद हैं, जिनका दुरुपयोग कभी भी किया जा सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित आरोपियों के हथियार लाइसेंस निरस्त करने की भी मांग की।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी सिटी से मुलाकात करने वालों में अवनीश चौहान, राहुल चौहान, संजय चौहान, चंदन सिंह, अंकित चौहान, राजकुमार, आकाश कुमार, शंकर, गौतम कुमार, विनीत चौहान, सहदेव, अभिषेक उर्फ शानू चौहान, विशाल, शैलेंद्र मिश्रा, योगेंद्र चौहान, दिवाकर, राकेश चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व समर्थक मौजूद रहे।