न्यूज 127, हरिद्वार
जनपद हरिद्वार के विकासखण्ड बहादराबाद स्थित जमालपुर कलां गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित जमालपुर कलां पंपिंग पेयजल योजना का जल अर्पण दिवस आज हर्षोल्लास एवं जनभागीदारी के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति तथा पेयजल निगम, हरिद्वार के अभियंताओं द्वारा किया गया।
जल अर्पण समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा की विधायक अनुपमा रावत द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “हर घर नल, हर घर जल” का संकल्प देशभर में साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है, जिसके तहत उज्ज्वला योजना, हर घर शौचालय, आवास योजना और अब स्वच्छ पेयजल की सुविधा हर घर तक पहुंचाई जा रही है।
सांसद ने बताया कि जमालपुर कलां गांव में लगभग 5 हजार परिवार निवास करते हैं और सभी घरों में नल कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों—पर्वतीय क्षेत्र, दूरस्थ जल स्रोत और भूमिगत जल की कमी—के बावजूद जल जीवन मिशन को सफल बनाना एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने जल स्तर में हो रही गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए रेन वाटर हार्वेस्टिंग को भविष्य के लिए अनिवार्य बताया। स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के कथन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाला समय जल संकट का होगा, इसलिए स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने खेतों में रसायनों के अत्यधिक प्रयोग से जल प्रदूषण की समस्या की ओर भी ध्यान आकृष्ट किया।
वृक्षारोपण पर बल देते हुए सांसद ने कहा कि चौड़ी पत्ती वाले वृक्षों के बिना जल संरक्षण संभव नहीं है। बढ़ते कंक्रीटकरण के कारण वर्षा जल भूमि में समाहित नहीं हो पा रहा है, जिस पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि जल संस्थान के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जल योजनाओं का वास्तविक लाभ हर घर तक पहुंचे। उन्होंने विशेष रूप से लालढांग क्षेत्र के ओवरहेड वाटर टैंकों के संचालन में आ रही समस्याओं का उल्लेख करते हुए प्रत्येक टैंक पर जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी पेयजल संकट न हो।
विधायक ने क्षेत्र के हैंडपंपों की नियमित जांच एवं मरम्मत पर जोर देते हुए प्राथमिक विद्यालय जमालपुर कलां के उच्चीकरण की मांग भी उठाई। इस संबंध में विद्यालय के बच्चों द्वारा सांसद को अनुरोध पत्र सौंपा गया। साथ ही उन्होंने ग्राम जमालपुर कलां को संपूर्ण रूप से सीवर लाइन से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान जमालपुर कलां पेयजल योजना के टैंक एवं नलकूप परिसर में जल रक्षा सूत्र बांधा गया तथा वृक्षारोपण किया गया। सांसद द्वारा ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता समिति की पांच महिलाओं को पेयजल गुणवत्ता जांच किट वितरित की गई।
इस अवसर पर छात्रों द्वारा जल संरक्षण विषय पर बनाई गई सुंदर पेंटिंग्स एवं ड्रॉइंग्स का प्रदर्शन किया गया, जिसकी सभी अतिथियों ने सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों में जल संरक्षण की समझ विकसित करना भविष्य की पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
जल अर्पण दिवस के अंतर्गत आयोजित जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं, पेंटिंग एवं कला प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्राथमिक विद्यालय जमालपुर कलां की छात्राओं को सम्मानित किया गया। सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं विधायक अनुपमा रावत ने छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामवासियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला महामंत्री आशु चौधरी, ग्राम प्रधान जमालपुर कलां हरेंद्र कुमार, जल जीवन मिशन नोडल अधिकारी यशवीर मल्ल, अधिशासी अभियंता अनंत सैनी, राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन देहरादून से राजेश गुप्ता, अधिशासी अभियंता सुधीर कुमार सहित पेयजल निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
जमालपुर कलां में जल जीवन मिशन का उत्सव, सांसद त्रिवेंद्र रावत ने किया जल अर्पण







