नई दिल्ली
सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए मेरठ–हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर मुजफ्फरनगर बाईपास के आरंभिक हिस्से में 6-लेन फ्लाईओवर एवं उसके सहायक मार्गों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही मौजूदा 4-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग को 6 लेन तक चौड़ा किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 419.47 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य मुजफ्फरनगर शहर में प्रवेश और निकास करने वाले वाहनों के कारण वेहलना चौक के पास उत्पन्न होने वाली यातायात बाधाओं को समाप्त करना तथा राजमार्ग पर यातायात प्रवाह को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाना है। वर्तमान में ग्रेड जंक्शनों पर भारी ट्रैफिक के चलते जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
परियोजना के अंतर्गत प्रमुख चौराहों पर ग्रेड-सेपरेटेड संरचनाओं का निर्माण, जंक्शनों का उन्नयन, क्रॉस-ड्रेनेज संरचनाओं का चौड़ीकरण तथा सुरक्षित और कुशल यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा। इससे न केवल राजमार्ग पर वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होगी, बल्कि क्षेत्रीय संपर्कता भी बेहतर होगी।
इसके अतिरिक्त यह परियोजना राजमार्ग के किनारे नियंत्रित रिबन विकास (Ribbon Development) को भी बढ़ावा देगी, जिससे अव्यवस्थित निर्माण पर अंकुश लगेगा और नियोजित शहरी विस्तार को गति मिलेगी।
सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परियोजना में दुर्घटना-संभावित स्थानों और चिन्हित ब्लैकस्पॉट्स पर वाहन अंडरपास का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे इन क्षेत्रों में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है।
इस परियोजना के पूर्ण होने से मेरठ, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार के बीच आवागमन तेज होगा, यात्रा समय में कमी आएगी और व्यापार, उद्योग तथा पर्यटन गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। यह परियोजना केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत विकसित किए जा रहे आधुनिक सड़क नेटवर्क की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मेरठ–हरिद्वार एनएच-58 को मिलेगी नई रफ्तार, फ्लाईओवर को 419.47 करोड़ की मंजूरी







