यूपी पुलिस की बर्बरता: गोद में बच्चे को लिए पिता पर बरसाई लाठी




Listen to this article

नवीन चौहान.
यूपी के कानपुर देहात से एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में पुलिस की बर्बरता देखने को मिली है। वीडियो में बच्चे को गोद में लिए एक शख्स पर अकबरपुर कोतवाल वीके मिश्रा जमकर लाठी बरसाते हुए नजर आ रहे हैं।

इंस्पेक्टर ने न सिर्फ लाठियों से हमला किया, बल्कि उसके बच्चे को भी छीनने की कोशिश की। वहीं दूसरी ओर पुलिस का दावा है कि इस शख्स ने एक इंस्पेक्टर के हाथ पर काट लिया था।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अकबरपुर इंस्पेक्टर को एडीजी जोन भानु भास्कर ने सस्पेंड कर दिया है।

पुलिस ने बताया कि युवक कानपुर देहात के अकबरपुर में जिला अस्पताल का कर्मचारी है और उसका भाई उपद्रव करने वाले लोगों में शामिल है।

पुलिस के मुताबिक कुछ लोग इलाके में अराजकता फैला रहे थे, अस्पताल की ओपीडी को बंद कर रहे थे और मरीजों को डरा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।

कानपुर देहात के जिला अस्पताल परिसर में मेडिकल कॉलेज निर्माण के दौरान मिट्टी खनन कर बेचने व वाहनों की आवाजाही से सड़क व नाली टूटने का आरोप लगा कर्मचारियों ने विरोध शुरू किया था।

कर्मचारियों ने गुरुवार को ओपीडी में ताला बंद कर धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने डॉक्टरों व मरीजों को ओपीडी से बाहर निकाल दिया।

अधिकारियों व पुलिस कर्मियों ने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह नहीं माने। पुलिस का कहना है कि इसी बीच वार्ड ब्वॉय ने कोतवाल का अंगूठा चबा लिया और दरोगा से हाथापाई की।

मामला बढ़ता देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने वार्ड ब्वॉय को हिरासत में ले लिया।

मौके पर पहुंचे सीएमओ, एसडीएम व सीओ ने ओपीडी खुलवाकर इलाज शुरू कराया। देर शाम तक पुलिस को मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी। 

भाजपा सांसद वरूण गांधी ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि ये बहुत की कष्टदायक है। उन्होंने इसे लेकर अपना ट्वीट किया है।