न्यूज127, अल्मोड़ा
कुमाऊं की सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा को शुक्रवार को उसका नया जिलाधिकारी मिल गया है। 2018 बैच के युवा और ऊर्जावान आईएएस अधिकारी अंशुल सिंह ने आज जिलाधिकारी अल्मोड़ा का कार्यभार विधिवत रूप से ग्रहण किया। आईएएस अंशुल सिंह इससे पूर्व हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के उपाध्यक्ष पद पर रहते हुए अपने उत्कृष्ट कार्यों को जनता में लोकप्रियता बटोर चुके हैं।
शुक्रवार को कलैक्ट्रेट परिसर पहुंचने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत गौरी प्रभात, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, द्वाराहाट के एसडीएम सुनील कुमार राज सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जिलाधिकारी अंशुल सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके बाद अंशुल सिंह ने कोषागार में विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया और तत्पश्चात कोषागार के डबल लॉक, सिंगल लॉक, सीसीएल, डीसीएल सहित अन्य अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जिम्मेदारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने इसके उपरांत कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिकायत कक्ष, भूमि अध्याप्त कक्ष, जिला विकास प्राधिकरण, स्टाम्प कक्ष, जनाधार कक्ष, भूमि अभिलेख कक्ष, अभिलेखाकार राजस्व अभिलेख एवं निर्वाचन कार्यालय आदि का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर कहा कि हर अधिकारी जनता के प्रति जवाबदेह और संवेदनशील बने। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता के कार्यों में कोई भी शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि जनपद का संतुलित और समग्र विकास उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेयजल और खेल गतिविधियों को मजबूत कर जनपद के युवाओं को नई दिशा देना हमारा लक्ष्य है। शासन की हर योजना का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने चितई स्थित गोलू देवता मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपद की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
अंशुल सिंह के आगमन से जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार देखा गया। जनता को भी उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में अल्मोड़ा प्रशासन में नई कार्यसंस्कृति और विकास की गति देखने को मिलेगी।