नवीन चौहान.
हरिद्वार पुलिस ने महिला और उसकी 6 साल की मासूम बेटी के साथ गैंगरेप करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को डीआईजी ने 50 हजार रूपये का इनाम देने की घोषणा की है।
डीआईजी/एसएसपी हरिद्वार डॉ योगेंद्र सिंह रावत ने प्रेसकांफ्रेंस कर घटना के खुलासे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना के दिन महिला और उसकी बेटी को सोनू नाम के एक युवक ने अपनी बाइक से कलियर से लिफ्ट देने के लिए बैठाया था। रास्ते में उसने महिला को सुनसान जगह ले जाकर रेप किया। इसी दौरान आल्टो कार सवार चार लोग वहां पहुंचे जिन्हें देखकर सोनू वहां से भाग गया।
कार सवार लोगों ने महिला और उसकी बेटी को जबरन अपनी कार में बैठाया और उसे मुख्य रास्ते से अंदर की ओर खेतों में ले जाकर गैंगरेप किया। बच्ची की चीख पुकार सुनकर महिला ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिसके बाद आरोपी मां बेटी को वहीं पर छोड़कर फरार हो गए थे।
महिला के मौखिक बयान के आधार पर अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी गई थी। गंभीर रूप से घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस घटना को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों और समाजिक संगठनों में रोष बना हुआ था।
डॉ योगेंद्र सिंह रावत ने बताया सीसीटीवी फुटेज आदि खंगालने के बाद पहले सोनू निवासी इमलीखेड़ा को गिरफ्तार किया गया। आल्टो कार के नंबर से उसके मालिक की पहचान की गई। जिसके बाद घटना के दिन कार सवार राजीव उर्फ विक्की तोमर और सुबोध निवासी बेलड़ा, थाना भोपा जिला मुजफ्फरनगर को 29 जून को गिरफ्तार किया गया। उनसे पूछताछ के बाद 30 जून को सोनू तेजियान और जगदीश निवासी साल्हापुर थाना देवबंद जिला सहारनपुर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। इस घटना का खुलासा करने और अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को गढ़वाल डीआईजी द्वारा 50 हजार रूपये नकद इनाम देने की घोषणा की गई है।
गिरफ्तार सुबोध और राजीव उर्फ विक्की तोमर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता थे। उन दोनों की गिरफ्तारी के बाद भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष नवीन राठी ने दोनों को संगठन से निष्कासित कर दिया है।