मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने 4,224 श्रमिकों को दी 12.89 करोड़ की डीबीटी सौगात




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून
उत्तराखण्ड में श्रमिक कल्याण को सशक्त आधार देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के 4,224 श्रमिक लाभार्थियों के खातों में 12 करोड़ 89 लाख 85 हजार की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तान्तरित की। यह पहल राज्य सरकार की पारदर्शी, संवेदनशील और श्रमिक हितैषी शासन व्यवस्था का सशक्त उदाहरण बनी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने राज्य के 191 कॉमन सर्विस सेंटरों में श्रमिकों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था का भी शुभारंभ किया। इसके माध्यम से अब श्रमिकों को योजनाओं से जुड़ी जानकारी, पंजीकरण, नवीनीकरण एवं अन्य सेवाओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ब्लॉक, तहसील और ग्राम स्तर पर ही एक ही स्थान पर सभी सेवाएं सहजता से उपलब्ध हो सकेंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि श्रमिक राज्य के विकास की सबसे मजबूत नींव हैं। बुनियादी ढांचे के निर्माण से लेकर विकास की हर परियोजना में श्रमिकों का योगदान अतुलनीय है। राज्य सरकार का दायित्व है कि जो लोग प्रदेश के विकास में अपनी मेहनत और पसीना लगाते हैं, उनके तथा उनके परिजनों का भविष्य सुरक्षित किया जाए। इसी उद्देश्य से श्रमिकों और उनके आश्रितों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे उन्हें आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और सम्मानजनक जीवन मिल सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बताया कि सरकार द्वारा श्रमिकों की आजीविका सुदृढ़ करने के लिए कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि सीएससी के माध्यम से शुरू की गई यह विशेष व्यवस्था श्रमिकों के जीवन में सुविधा और विश्वास दोनों को बढ़ाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कर्मकार बोर्ड द्वारा विगत छह माह में अब तक लगभग 51 करोड़ की धनराशि श्रमिकों एवं उनके परिजनों के खातों में हस्तान्तरित की जा चुकी है। इसके साथ ही पंजीकरण, नवीनीकरण और लाभ आवेदन की सुविधा पहले ही विकासखण्ड स्तर पर शुरू की जा चुकी है, जिससे योजनाओं का लाभ अधिकतम श्रमिकों तक पहुंच रहा है।

श्रम आयुक्त पी.सी. दुम्का ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड निरंतर श्रमिकों के हित में कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा आज 4,224 श्रमिक लाभार्थियों को 12 करोड़ 89 लाख 85 हजार की धनराशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की गई है। भविष्य में भी बोर्ड मुख्यमंत्री के विजन—सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि—के अनुरूप कार्य करता रहेगा।

कार्यक्रम में अध्यक्ष राज्य संविदा श्रम सलाहकार बोर्ड कैलाश पंत, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त धर्मराज, आईटी एक्सपर्ट दुर्गा चमोली सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।