मुख्यमंत्री के निर्देश व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का प्रयास
हरिद्वार
तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर, क्लीन एवं मॉडल जनपद के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में विगत तीन माह से व्यापक स्वच्छता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल प्रशासनिक कार्यक्रम न बनाकर जन-आंदोलन के रूप में स्थापित करना है।

इसी क्रम में रविवार को मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा के नेतृत्व में बहादराबाद क्षेत्र में जनसहभागिता के साथ वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान बहादराबाद क्षेत्र में शिवालिक नगर मोड़, गंग नगर मोड़ से बहादराबाद चौराहे तक मुख्य मार्गों के दोनों ओर, सार्वजनिक स्थलों, सड़कों, नालियों एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई की गई। साथ ही क्षेत्र की सभी पंचायतों में भी सफाई अभियान संचालित कर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता अभियान विगत दो माह से निरंतर संचालित हो रहा है और अब यह तीसरे माह में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई, जिससे लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना और अधिक सुदृढ़ हो सके।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, नोडल स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, ग्राम प्रधान मोहित चौहान, एडीओ पंचायत राजेंद्र बिष्ट, स्वयंसेवी संस्थाएं, एनआरएलएम समूह की महिलाएं, महिला मंगल दल, आईटीसी सुनहरा कल की टीम, शिवालिक नगर पालिका के समस्त कर्मचारी, सिडकुल के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







