नवीन चौहान
शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को दीपावली गिफ्ट मिला। यह गिफ्ट महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष ने दिया। गिफ्ट में सब्जियां भेंट की। उन्होंने यह गिफ्ट महंगाई के विरोध में दिया। उनका तर्क था कि महंगाई में सरकार के मंत्री की रसोई में दीपावली पर सब्जियां की कमी न रहे।
दीपावाली के दिन महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष विमला पांडेय कार्यकर्ताओं के साथ शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के आवासीय कार्यालय खन्नानगर पहुंची। शहरी विकास मंत्री तो घर पर नहीं मिले, लेकिन इस दौरान उनके छोटे भाई मुकेश कौशिक मिले। कांग्रेस महिला नेताओं ने उन्हें दीपावली का गिफ्ट दिया। गिफ्ट में प्याज, आलू, टमाटर, अदरक, हरी मिर्च थी।
उन्होंने गिफ्ट सौंपने के बाद बताया कि देश में महंगाई से आमजन को रसोई तक चलाना मुश्किल हो रहा है। केंद्र में भाजपा की सरकार अपने 6 वर्षों का कार्यकाल पूर्ण कर चुकी है। सरकार ने देश के गरीब जनता के विश्वास पर चोट की है। रसोई गैस, खाद्य पदार्थों विशेषकर सब्जियां दाल अनाज के दामों में कई गुना वृद्धि हो चुकी है। लेकिन लोगों को राहत देने के लिए कोई काम नहीं किया है। आज गरीब लोग सब्जियां खरीदने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। आलू, टमाटर, प्याज के दाम चरम सीमा पर है। गरीब लोग प्याज रोटी तक नहीं खा पा रहे और ना टमाटर की चटनी बना पा रहे हैं। लेकिन भाजपा के मंत्री विधायक और कार्यकर्ता बड़े धूमधाम से दिवाली मना रहे हैं। इस मौके पर पूर्व महानगर अध्यक्ष अंजू द्विवेदी, सुषमा सहगल, नीलम धीमान, मालती प्रजापति, रानू देवी, उर्वशी कलावती, राजपति आदि शामिल हुईं।