कर्मचारियों की लापरवाही के खिलाफ कांग्रेस ने जिला अस्पताल पर दिया धरना




Listen to this article

न्यूज 127
सरकारी जिला अस्पताल में एक व्यक्ति का शव 11 दिन तक मोर्चरी में रखे जाने और परिजनों को उसकी सूचना तक नहीं देने के मामले में कांग्रेस ने बुधवार को जिला अस्पताल पर धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस की मांग थी कि लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई हो उसके बाद जांच की जाए।
महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग और मेयर प्रत्याशी रहे वरुण बालियान के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिला अस्पताल पहुंचे और यहां नारे बाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। उनके साथ मृतक व्यक्ति के परिवार के लोग भी थे। मृतक के भाई का कहना है कि उसका भाई 10 जून को लापता हो गया था। हमें उसी दिन पुलिस को इसकी सूचना दी थी। 11 जून को पुलिस को एक अज्ञात शव मिला जिसे मोर्चरी में रखवा दिया गया। हम अपने भाई को खोजते रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। करीब 11 दिन बाद हमें फोन पर बताया गया कि उनके भाई का शव मोर्चरी में रखा है। यहां पता चला कि शव तो 11 जून को ही यहां आ गया था। 11 दिन तक मोर्चरी में शव पड़ा रहा और उन्हें सूचना तक नहीं दी गई। कांग्रेस नेता वरुण बालियान का कहना है कि अज्ञात शव को तीन दिन तक ही मोर्चरी में रख सकते हैं, लेकिन यहां अज्ञात शव 11 दिन तक रखा रहा। इसमें कर्मचारियों की भी घोर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि जब तक लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं होगी उनका धरना समाप्त नहीं होगा। कुछ देर बाद चिकित्सा अधीक्षक उनके धरना स्थल पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि लापरवाह कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, पूरे मामले की जांच करायी जा रही है। आश्वासन के बाद कांग्रेस ने धरना समाप्त किया।