संविदा कर्मचारी ने गर्लफ्रेंड को खरीद कर दिया 4बीएचके फ्लैट




Listen to this article

न्यूज 127.
एक संविदा कर्मचारी ने सरकारी खजाने में सेंधमारी कर 21 करोड़ 59 लाख रूपये ठिकाने लगा दिये। इन पैसों से उसने अपने लिए बीएमडब्ल्यू कार और बाइक खरीदी, जबकि गर्लफ्रेंड को एक 4बीएचके का फ्लैट खरीद कर दिया। मामला संज्ञान में आने पर पुलिस ने दो को हिरासत में लिया है जबकि मुख्य आरोपी फरार है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महाराष्ट्र में छत्रपति संभाजीनगर के डिविजनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 21 करोड़ 59 लाख का घोटाला उजागर हुआ है। यहां एक कर्मचारी ने जो कॉन्ट्रैक्ट पर काम करता था उसने इस घटना को अंजाम दिया। उसकी तनख्वाह सिर्फ 13,000 रुपये थी। छत्रपति संभाजीनगर जिले में हुई इस घटना ने सबको चौंका दिया। हर्षल कुमार अनिल क्षीरसागर नाम के इस कर्मचारी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एडमिनिस्ट्रेशन से इंटरनेट बैंकिंग के जरिए पैसे चुराए। आरोपी की उम्र मात्र 23 साल है। नंदीग्राम कॉलोनी के खेल अधिकारी तेजस दीपक कुलकर्णी (उम्र 36) की ओर से शिकायत दर्ज करायी गई है।
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार दिशा फैसिलिटीज प्राइवेट लिमिटेड ने फरवरी 2022 से हर्षल को कॉन्ट्रैक्ट ऑपरेटर के रूप में नियुक्त किया। जबकि 2023 में वेब मल्टी सर्विसेज ने यशोदा शेट्टी को क्लर्क के रूप में रखा। हर्षल कुमार ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एडमिनिस्ट्रेशन के नाम पर खुले खाते पर खेल उपनिदेशक के फर्जी हस्ताक्षर कर इंडियन बैंक से लेनदेन कर लिया। इस कार्य के लिए उसने खेल अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर और अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल किया।
आरोपी हर्ष कुमार क्षीरसागर, यशोदा शेट्टी और उसके पति बीके जीवन ने बैंक को जाली दस्तावेज दिखाकर इंटरनेट बैंकिंग एक्टिवेट कर ली। इसके बाद हर्षल ने छह महीने में 21 करोड़ 59 लाख रुपये का घोटाला किया। वित्तीय अपराध शाखा ने इस मामले में यशोदा और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी हर्षल ने दो दोस्तों पर पैसे खर्च किये और अपनी गर्ल फ्रेंड को एयरपोर्ट के सामने एक सोसायटी में चार बेडरूम का अल्ट्रा लग्जरी फ्लैट खरीद कर दिया। इसी पैसे से उसने बीएमडब्ल्यू कार और बाइक खरीदी। पुलिस इसकी अन्य संपत्तियों की जांच में जुटी है।