मयूर विहार कॉलोनी के गेट प्रकरण में क्रास मुकदमा दर्ज, दूसरे पक्ष ने लगाए संगीन आरोप




Listen to this article


न्यूज127
हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र स्थित मयूर विहार कॉलोनी में गेट लगाने को लेकर हुई मारपीट प्रकरण में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज हो गया है। इस प्रकरण में कॉलोनी निवासी पीड़ित संदीप अरोड़ा की तरफ से उनकी बेटी ने त्यागी एसोसियेट के मालिक सतीश त्यागी के बेटे अभिषेक त्यागी और उनके जुड़े अज्ञात लागों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अब इसी प्रकरण में सतीश त्यागी के चालक मोनू कुमार की तहरीर पर संदीप अरोड़ा व परमानंद पोपली समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरे पक्ष की ओर से मोनू कुमार ने ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह को तहरीर में बताया कि कॉलोनी में रहने वाला संदीप अरोड़ा (पुत्र नामालूम) सट्टेबाजी व अन्य संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है, जिसके चलते अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का आना-जाना आम हो गया है। गाड़ियों की बेतरतीब पार्किंग और महिलाओं पर फब्तियां कसने जैसी घटनाओं ने क्षेत्रवासियों को परेशान कर रखा है।
13 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे जब क्षेत्रवासी गेट लगाने के मुद्दे पर विचार कर रहे थे, तभी संदीप अरोड़ा, उसका पुत्र जतिन अरोड़ा, पत्नी मोनिका अरोड़ा, पुत्री आयुषी अरोड़ा, भाई सचिन अरोड़ा, पड़ोसी परमानंद पोपली, पत्नी गीता पोपली और 10-12 अज्ञात लोगों ने हाथों में लाठी-डंडे, सरिए और पत्थर लेकर हमला बोल दिया। मामले में अनुसूचित जाति से संबंधित मोनू कुमार (पुत्र सुभाष चंद्र) को निशाना बनाकर न केवल जातिसूचक शब्द कहे गए बल्कि गाड़ी की चाबी छीनकर उसके साथ मारपीट की गई। मोनू स्थानीय निवासी सतीश त्यागी के यहां ड्राइवर का कार्य करता है। बताया कि घटना के दौरान प्रियंका कंसल, बीना त्यागी, सुनीता मदान, अनुराधा गोयल सहित कई महिलाओं ने जब विरोध किया तो उनके साथ भी गाली-गलौज व मारपीट की गई।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी व बचाव करने वालों में विक्रम कपूर, योगेश कौशिक, वरुण मेहता, सन्नी मेहता, गौरव चड्ढा सहित बड़ी संख्या में मोहल्ले वाले शामिल हैं। जिसके बाद धमकी और दहशत का माहौल है। बताया कि​ आरोपियों ने मौके से जाते वक्त धमकी दी कि यदि किसी ने उनके आने-जाने पर रोकटोक की या गेट लगाने की फिर से कोशिश की, तो वह जान से मार देंगे या झूठे मुकदमों में फंसा देंगे।

प्रथम पक्ष संदीप अरोड़ा की बेटी आरूषि अरोड़ा ने पुलिस को तहरीर देकर 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आयुषी अरोड़ा ने तहरीर में बताया कि शनिवार दोपहर उनके घर के बाहर अचानक त्यागी एंड एसोसिएट्स से जुड़े करीब 10-15 लोग पहुंचे और गेट लगाने लगे। जब उनके पिता संदीप अरोड़ा ने इसका विरोध किया और बताया कि यह निर्माण उनके निजी क्षेत्र में हो रहा है, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बिल्डर पक्ष के लोगों ने पहले उनके पिता को जबरन घर से बाहर खींचा और फिर बुरी तरह पीटा।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों के मुकदमे की जांच निष्पक्षता के साथ की जायेगी। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों को तस्दीक किया जायेगा।