विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूडी ने किया शुभारंभ, सहायता उपकरण वितरण व सरकारी योजनाओं का मिला सीधा लाभ
कोटद्वार।
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में कोटद्वार में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। विकासखण्ड दुगड्डा अंतर्गत सुंदरियाल वेडिंग पॉइंट, पदमपुर कोटद्वार में समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) के तत्वावधान में “दिव्यांग सहायता उपकरण वितरण एवं बहुउद्देश्यीय शिविर” का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं स्थानीय नागरिक पहुंचे और विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड की विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूडी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और दिव्यांगजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के जीवन में हर्ष, उल्लास और सकारात्मकता का संचार करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे सम्मानपूर्वक और आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी ने कहा कि समाज और सरकार के संयुक्त प्रयासों से ही दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सरल, सुगम और सुविधाजनक बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों के माध्यम से दिव्यांगजनों को रोजमर्रा के जीवन में उपयोगी कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जो उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक दिव्यांगजन में कोई न कोई विशिष्ट क्षमता निहित होती है, जिसे पहचानकर उसका समुचित विकास किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने दिव्यांगजनों के लिए संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग का निरंतर प्रयास है कि जनपद के प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और उन्हें उनका पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिव्यांगजनों की हर संभव सहायता विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने शिविर में लगाए गए यूडीआईडी कार्ड करेक्शन एवं अपडेट स्टॉल की जानकारी देते हुए बताया कि दिव्यांगजन यहां अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाए जाने की प्रक्रिया पर भी उन्होंने प्रकाश डाला और बताया कि प्रमाण-पत्र बन जाने के बाद दिव्यांगजन सभी सरकारी योजनाओं के लिए पात्र हो जाते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने दिव्यांग पेंशन योजना, दिव्यांग बच्चों के लिए छात्रवृत्ति योजना, विवाह अनुदान योजना तथा रोजगार एवं कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पूर्ण पारदर्शिता के साथ दिया जाएगा।
शिविर में समाज कल्याण विभाग, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), आधार नामांकन एवं अद्यतनीकरण सेवा तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टॉल लगाए गए। एलिम्को द्वारा दिव्यांगजनों को सहायता उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया, जिससे भविष्य में उन्हें आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।
कार्यक्रम में सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप सुंदरियाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी संजीव पाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कोटद्वार में दिव्यांग सशक्तिकरण की मिसाल, सक्षम के बहुउद्देश्यीय शिविर में उमड़ा जनसैलाब




