मलेशिया से फोन कराकर होटल संचालक से मांगी एक करोड़ की रंगदारी








Listen to this article
  • पुलिस ने खोला रंगदारी का राज, चचेरा भाई महिला मित्र संग गिरफ्तार

न्यूज 127. एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और न देने पर पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में एक महिला भी शामिल हैं। दोनों को डिवाइडर रोड तिराहा से गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है।

जनपद मेरठ की थाना कंकरखेड़ा पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त प्रवेश उर्फ छोटू पुत्र महक सिंह निवासी श्रद्धापुरी थाना कंकरखेडा और श्रद्धापुरी निवासी महिला को डिवाइडर रोड तिराहा से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक दिनांक 16.12.2025 को वादी विपिन कुमार पुत्र साहब सिंह निवासी नारायण गार्डन रोहटा रोड थाना कंकरखेड़ा, मेरठ के द्वारा सूचना अंकित करायी गई थी कि अभियुक्तगणों द्वारा फोन करवाकर वादी व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई तथा इसके एवज में एक करोड़ रुपये की मांग की गयी। सूचना पर थाना कंकरखेडा पर मु0अ0सं0- 762/2025 धारा 308(5), 351(3),352,127(2) बीएनएस पंजीकृत कर अभियुक्तगणों को गिरफ्तार किया गया है।

होटल संचालक विपिन ने पुलिस को बताया कि 15 दिसंबर की दोपहर उसके नंबर पर राहुल नाम के व्यक्ति का फोन आया। आरोप है कि राहुल ने उससे एक करोड़ रुपये देने का कहा। इसके साथ ही पुलिस से शिकायत करने पर परिवार की हत्या करने की धमकी दी। शिकायत मिलने पर पुलिस राहुल की तलाश में लग गई थी। पुलिस ने राहुल के मोबाइल नंबर को ट्रेस किया तो पता चला कि फोन मलेशिया से किया गया था। पुलिस ने जब राहुल की कॉल डिटेल खंगाली तो उसमें विपिन के चचेरे भाई प्रवेश उर्फ छोटू का नंबर मिला। पुलिस ने नंबर के आधार पर मंगलवार को नंगलाताशी में डिवाइडर रोड से आरोपी प्रवेश और उसकी महिला मित्र ज्योति को पकड़ लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रवेश ने बताया कि उसे रुपयों की जरूरत थी। इसलिए उसने अपने दोस्त अर्चित से संपर्क किया था। अर्चित ने मलेशिया में रह रहे अपने साथी राहुल से संपर्क किया और विपिन को फोन कराकर एक करोड़ की रंगदारी मांगी। पुलिस आरोपी राहुल को मलेशिया से मेरठ प्रत्यारोपण की तैयारी कर रही है। वहीं अर्चित की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। जल्द अन्य आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।