हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर की डीपीआर तैयार, काशी विश्वनाथ और उज्जैन महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर भव्य




Listen to this article


हरिद्वार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आयोजित देवभूमि रजत उत्सव 2025 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य निर्माण में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले राज्य आंदोलनकारियों, मातृशक्ति एवं युवाओं को नमन किया। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि यह उत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उत्तराखंड राज्य निर्माण में बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों के प्रति भावांजलि अर्पित करने का पावन अवसर है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि वर्ष 2000 में जब उत्तराखंड राज्य अस्तित्व में आया, तब यह नवजात राज्य भौगोलिक कठिनाइयों और सीमित संसाधनों से जूझ रहा था। “देवभूमि की जनता में उस समय यह अटूट विश्वास था कि चाहे कितनी भी कठिनाइयां क्यों न आएं, हम इस राज्य को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाकर ही दम लेंगे,” उन्होंने कहा।
उन्होंने गर्व के साथ कहा कि 25 वर्षों की यात्रा में उत्तराखंड ने न केवल चुनौतियों पर विजय पाई, बल्कि विकास के नए मानक भी स्थापित किए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल उसकी प्राकृतिक सुंदरता से नहीं, बल्कि समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और अटूट आस्था से भी है। उन्होंने कहा कि देवभूमि रजत उत्सव हमारी सांस्कृतिक आत्मा को जीवंत रखने का प्रतीक है। कार्यक्रम में लगी प्रदर्शनी और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि उत्तराखंड अपनी परंपराओं में रचा-बसा होने के साथ ही भविष्य की ओर भी तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार “गांव से शहर तक, मातृशक्ति से श्रमशक्ति तक” हर वर्ग के लिए योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई संपर्क जैसे क्षेत्रों में राज्यभर में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। लोकल फॉर वोकल, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलें आज विकसित भारत एवं विकसित उत्तराखंड के स्वप्न को साकार कर रही हैं।

चार वर्षों के कठोर निर्णय जनहित के निर्णय : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार ने अनेक कठोर लेकिन जनहितकारी निर्णय लिए हैं।
उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, नकल विरोधी कानून, लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद पर प्रभावी कार्यवाही का उल्लेख किया। इसके साथ ही समान नागरिक संहिता (UCC), अवैध मदरसों पर कार्यवाही और ऑपरेशन कालनेमि जैसे कदमों को समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में बड़ा प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ “ज़ीरो टॉलरेंस नीति” के तहत सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है।

हरिद्वार के चहुंमुखी विकास के लिए चल रहीं अनेक योजनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि हरिद्वार के समग्र विकास के लिए सरकार निरंतर कार्यरत है। उन्होंने बताया कि शहर में 186 करोड़ रुपए से सीवरेज नेटवर्क और 187 करोड़ रुपए से अधिक की पेयजल परियोजनाएं चल रही हैं। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज, लालढांग में मॉडल डिग्री कॉलेज, और शिक्षा के प्रसार के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर की डीपीआर तैयार की जा चुकी है, जिससे धर्मनगरी को काशी विश्वनाथ एवं उज्जैन महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर भव्य रूप दिया जाएगा। इसके अलावा हेलीपोर्ट निर्माण, हरकी पैड़ी से मां चंडी देवी तक रोपवे निर्माण तथा लालढांग की बरसाती नदी पर पुल निर्माण की योजनाएं भी प्रगति पर हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने वर्ष 2027 के महाकुंभ की तैयारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार अभी से कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि “कुंभ निर्माण कार्यों में कोई भी अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाएं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें, अन्यथा कार्यवाही के लिए तैयार रहें।” उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य हरिद्वार को एक विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित करना है।

एआई रोबोट ने सुनाई डिजिटल इंडिया की सफलता गाथा

देवभूमि रजत उत्सव 2025 में आधुनिक तकनीक और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब एक एआई रोबोट ने मंच से “डिजिटल इंडिया” की सफलता गाथा प्रस्तुत की। रोबोट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे डिजिटल इंडिया अभियान की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि भारत आज विश्व का टेक्नोलॉजी हब बन चुका है।
दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से इसका स्वागत किया।

कार्यक्रम में हरिद्वार मेयर किरण जैसल, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, रानीपुर विधायक आदेश चौहान,
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, राज्यमंत्री विनय रुहेला, सुनील सैनी, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, ओमप्रकाश जमदग्नि, अजीत सिंह, ब्लॉक प्रमुख कविंद्र, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, रुड़की जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल,
सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, एसडीएम जितेंद्र कुमार, डीवीओ वेद प्रकाश, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह, एपीडी नलिनीत घिल्डियाल,
पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, तथा युवा मोर्चा अध्यक्ष विक्रम भुल्लर सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।