न्यूज127
खाकी वर्दी की साख उस वक्त सवालों के घेरे में आ गई, जब एक डीएसपी को ‘लव ट्रैप’, भ्रष्टाचार और गोपनीय सूचनाएं लीक करने जैसे बेहद गंभीर आरोपों के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। खाकी शर्मसार हो गई। आरोपी निलंबित डीएसपी एक बिजनेसमैन से करीब ढाई करोड़ की रकम हड़प चुकी है। पूरा मामला छत्तीसगढ़ के रायपुर/दंतेवाड़ा का है।
दंतेवाड़ा में तैनात उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) कल्पना वर्मा को ‘लव ट्रैप’, भ्रष्टाचार और गोपनीय सूचनाएं लीक करने जैसे बेहद गंभीर आरोपों में फंस गई। जिसके बाद विभाग की ओर से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। यह मामला किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है, जिसमें एक महिला अधिकारी पर एक बिजनेसमैन को प्रेम जाल में फंसाकर करीब 2.5 करोड़ रुपये हड़पने के आरोप लगे हैं।
मामला केवल आर्थिक लेन-देन तक सीमित नहीं रहा। प्रारंभिक जांच में यह भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि डीएसपी कल्पना वर्मा ने व्हाट्सएप चैट के माध्यम से पुलिस विभाग की अत्यंत गोपनीय और संवेदनशील जानकारियां साझा कीं, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इन जानकारियों के लीक होने को सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है।
शुरुआती जांच में कई गंभीर विरोधाभास उजागर
गृह विभाग द्वारा कराई गई प्रारंभिक जांच में वित्तीय लेन-देन, दर्ज बयानों और चैट्स के विश्लेषण के दौरान कई गंभीर विरोधाभास सामने आए हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि डीएसपी ने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग करते हुए अवैध रूप से आर्थिक लाभ अर्जित किया और आय से अधिक संपत्ति भी जमा की।
प्रथम दृष्टया उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर राज्य सरकार ने इसे सिविल सेवा आचरण नियमों का खुला उल्लंघन माना है। इसी के चलते सरकार ने कड़ा कदम उठाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
सस्पेंशन के दौरान मुख्यालय में रहना अनिवार्य
निलंबन अवधि के दौरान डीएसपी कल्पना वर्मा को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में उपस्थित रहना होगा। नियमानुसार उन्हें इस अवधि में केवल गुजारा भत्ता ही दिया जाएगा। वहीं, मामले की विस्तृत और गहन जांच जारी है, जिसमें आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
यह मामला न सिर्फ पुलिस विभाग बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र के लिए एक गंभीर चेतावनी माना जा रहा है, जहां वर्दी की गरिमा और जनता के विश्वास को ठेस पहुंची है।
डीएसपी ‘लव ट्रैप’ और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में सस्पेंड







