पहले कोरोना संक्रमित पत्नी और फिर हेड कांस्टेबल ने तोड़ा दम




Listen to this article

नवीन चौहान.
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर अब चिंताजनक स्तर पर फैलती दिख रही है। संक्रमण की चपेट में फ्रंट लाइन वर्कर भी आ रहे हैं। थाना कालसी में तैनात मुख्य आरक्षी की पत्नी की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई, तीन दिन बाद संक्रमण की चपेट में आने से मुख्य आरक्षी का भी निधन हो गया। इस घटना से महकमें में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार राजधानी दून में थाना कालसी पर नियुक्त मुख्य आरक्षी धीरज सिंह पुत्र स्वर्गीय गेंदा सिंह की पत्नी कोरोना वायरस से संक्रमति हो गयी थी। धीरज सिंह अपनी पत्नी के उपचार के लिए 22 अप्रैल को छुटटी लेकर घर चले गए थे। उपचार के दौरान 23 अप्रैल को उनकी पत्नी द्रौपदी देवी आयु लगभग 55 वर्ष की दून प्रसाद अस्पताल में मृत्यु हो गई। बताया गया कि अवकाश के दौरान मुख्य आरक्षी धीरज सिंह का स्वास्थ्य भी अत्यधिक खराब हो गया था।
26 अप्रैल उसकी अत्यधिक तबियत खराब हो जाने के कारण उक्त मुख्य आरक्षी को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित किया गया। मृत्यु के बाद रात में उनकी कोविड-19 की रिपोर्ट भी पाजीटिव आयी। बाद में धीरज सिंह का कोविड-19 की गाइडलाइन्स के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस लाइन देहरादून में मृतक मुख्य आरक्षी को श्रद्धांजलि दी गयी।