हरिद्वार में अवैध खनन में पांच ट्रैक्टर ट्राली सीज, खनन माफियाओं में हड़कंप




Listen to this article

नवीन चौहान
हरिद्वार तहसील प्रशासन ने मध्य रात्रि में खनन माफियाओं के ठिकानों पर भोगपुर में दबिश दी। तहसीलदार आशीष घिल्डियाल के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने अवैध खनन कार्यो में संलिप्त पांच ट्रैक्टर ट्राली वाहनों को पकड़ा। पांचों वाहनों को सीज कर दिया गया है। वही दो अन्य स्टोन क्रेशरों पर भी ट्रैक्टर ट्राली से अवैध खनन सामग्री पहुंचने की सूचना मिली है। प्रशासन की टीम दोनों क्रेशरों की जांच करा रही है।
मध्य रात्रि में भोगपुर क्षेत्र में अवैध खनन होने की सूचना​ मिली। सूचना मिलते ही तहसीलदार आशीष घिल्डियाल एंटी माइनिंग सेल की टीम के साथ खुद मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक टीम के आने की खबर लगते ही ट्रैक्टर ट्राली चालकों में हड़कंप मच गया। वाहन चालक अपने वाहनों को भगाने लगे। टीम ने मौके से पांच वाहनों को कब्जे में लिया। एसडीएम गोपाल चौहान ने बताया कि अवैध खनन की रोकथाम के लिए प्रशासनिक टीम को अलर्ट रहने के लिए निर्देशित किया गया है। किसी भी सूरत में अवैध खनन नही होने दिया जायेगा।
बताते चले कि एसडीएम गोपाल चौहान ने करीब डेढ़ महीने पूर्व ही हरिद्वार में कार्यभार संभाला है। प्रशासनिक कार्यो के साथ ही वह हरिद्वार की भौगोलिक परिस्थितियों को समझने का प्रयास कर रहे है। लेकिन उनकी सबसे बड़ी चुनौती खनन माफियाओं के मंसूबों को नाकाम करने बन गई है। खनन माफिया लगातार प्रशा​सनिक अधिकारियों को चुनौती दे रहे है। रात्रि में अवैध खनन कर रहे है। प्रशासन दिनभर जनता के कार्यो को करने के बाद रात्रि में माफियाओं पर नजर बनाकर रख रहा है। ऐसे में आप खुद ही अंदाजा लगा सकते है कि खनन को रोकना प्रशासन के लिए कितना जटिल है।