मोरातारा ज्वैलर्स के यहां हुई करोड़ों की डकैती में चार बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े




Listen to this article

नवीन चौहान
हरिद्वार पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने ज्वालापुर में हुई मोरातारा ज्वैलर्स के यहां डकैती की घटना में शामिल चार बदमाश लगे हैं। इस गैंग का सरगना और उसका एक साथी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की कई टीमें काम कर रही थी। इनमें से कुछ टीमें हरियाणा, यूपी और दिल्ली भी भेजी गई थी। सूत्रों के मुताबिक एसटीएफ, हरिद्वार पुलिस और एसओजी ने संयुक्त कार्यवाई करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

इन बदमाशों में सहारनपुर से एक, मेरठ से एक और गुरुग्राम से दो डकैतों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि गिरफ्तार बदमाशों के पास से लाखों की नकदी बरामद की गई है। लूटे गए सोने व हीरे के जेवरात अभी तक नहीं मिले हैं।

बताया जा रहा है कि गैंग का सरगना विकास और उनका एक साथी अभी भी फरार हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस जल्द ही वारदात का खुलासा कर सकती है।

बताया जा रहा है कि बदमाश रूड़की के एक प्राइवेट गेस्ट हाउस में रूके थे। वहां से वह दिल्ली चले गए थे। पुलिस टीम लगातार इस घटना का खुलासा करने के लिए काम कर रही थी। बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज से एक के बाद एक कड़ी जोड़ी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को बदमाशों के बारे में पुख्ता जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस बदमाशों तक पहुंची।