गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने गोवा के सीएम प्रमोद सावंत से की बात




Listen to this article

देहरादून/गोवा।
गोवा के अरपोरा क्षेत्र में स्थित एक नाइटक्लब में हुए भीषण अग्निकांड की घटना को लेकर उत्तराखंड सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। मीडिया रिपोर्टों और प्रारंभिक स्थानीय सूचनाओं में यह आशंका जताई गई है कि इस दर्दनाक हादसे में उत्तराखंड के कुछ नागरिक भी संभावित रूप से प्रभावित हो सकते हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से दूरभाष पर संपर्क कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने गोवा सरकार से अनुरोध किया कि यदि किसी भी प्रभावित व्यक्ति की पहचान उत्तराखंड निवासी के रूप में होती है, तो उनके परिजनों से तुरंत संपर्क स्थापित किया जाए और उन्हें हरसंभव सहायता प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विशेष रूप से घायलों के समुचित उपचार, पहचान संबंधी कार्रवाई, राहत सहायता राशि और आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताओं को बिना किसी विलंब के पूरा करने की बात कही।

गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि इस अग्निकांड में प्रभावित सभी लोगों को शासन-प्रशासन की ओर से तत्काल चिकित्सकीय उपचार और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया गया और स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है।

इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड सरकार के सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि वे इस घटना पर लगातार नजर बनाए रखें और गोवा प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यदि राज्य के किसी नागरिक के इस हादसे में प्रभावित होने की पुष्टि होती है तो उनके परिजनों को चिकित्सा, कानूनी सहायता, परामर्श और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं तत्परता से उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ खड़ी है। उत्तराखंड सरकार गोवा प्रशासन के साथ सतत संपर्क में बनी हुई है और घटना से जुड़ी प्रत्येक अपडेट पर तत्काल आवश्यक निर्णय और कार्रवाई की जाएगी।