अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल का भव्य आयोजन








Listen to this article


उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
हरिद्वार
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं उसकी सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में विकास भवन सभागार में एक भव्य, रंगारंग और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद की महिला अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं तथा छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रज्ञा दीक्षित द्वारा केक काटकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए महिला अधिकार, महिला शिक्षा, किशोरी स्वास्थ्य और घरेलू हिंसा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की रीढ़ होती हैं और उनके बिना समाज की संरचना अधूरी है।
उन्होंने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य और पोषण के प्रति सजग रहने की सलाह देते हुए स्थानीय मोटे अनाज जैसे चौलाई, मड़वा, बारानाजा और रागी को अपने दैनिक आहार में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पारंपरिक अनाज न केवल पोषण से भरपूर हैं, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी हैं। साथ ही उन्होंने आईटीसी मिशन सुनहरा कल द्वारा महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित करते हुए “तू खुद को बदल, अभी तो ज़माना बदलेगा” गीत के माध्यम से आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।
इस अवसर पर जनपद स्तर की कई महिला अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। कार्यक्रम में आईटीसी लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक अनंत महेश्वरी ने मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
कार्यक्रम के अंत में समाज के विभिन्न क्षेत्रों—शिक्षा, स्वास्थ्य, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वयं सहायता समूहों और सामुदायिक स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा मोहल्ला स्वच्छता समिति की अध्यक्षाओं तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं की महिला कार्यकर्ताओं को भी सम्मान देकर उनकी सराहना की गई।
इस अवसर पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल के सीएसआर प्रमुख पमेश कुमार, रमेश, सचिन काम्बले और आर्यन मिश्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सहयोगी संस्थाओं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, पीपीएचएफ, लोकमित्र, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम, आईडीएस, प्रथम इन्फोटेक और मैजिक बस फाउंडेशन की टीमों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।