नवीन चौहान
सिडकुल क्षेत्र में अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने दंपति पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। जिसमें पांच गोली महिला को लगी जबकि एक गोली उसके पति को छूते हुए निकली। तीन गोली महिला के हाथ में लगी जबकि दो गोली कूल्हे में लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मैट्रो अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। पूरा घटनाक्रम पुरानी रंजिश की ओर इशारा कर रहा है। गोली लगने में घायल हुए मांगेराम का पुराना इतिहास अपराधिक रहा है। उस पर मारपीट, लूट, हत्या के प्रयास के कई मुकदमे दर्ज है। हालांकि पुलिस का दावा है कि वह जल्दी इस केस से परदा उठा देंगी।
सिडकुल की आईटीसी कंपनी में मांगेराम बतौर सुरक्षाकर्मी कार्यरत है। जबकि उसकी पत्नी मोनिका त्यागी हैवल्स कंपनी में सुरक्षाकर्मी काम करती है। 7 मार्च की शाम करीब साढ़े छह बजे मांगेराम डयूटी खत्म करके अपनी पत्नी मोनिका को लेने पहुंचा। दोनों हैवल्स कंपनी से कुछ दूरी पर खड़े थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार युवकों ने पीछे से ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में मोनिका को पांच गोली लगी जबकि मांगेराम को एक गोली लगी। सूचना पर एसओ सिडकुल देवराज शर्मा तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भर्ती कराया और उनके बयान दर्ज किये। मांगेराम अपने बयानों में कई बार उलझ रहा था। पूरा घटनाक्रम उसकी समझ से परे था। गोली किसने और क्यो चलाई ये बात पुलिस को परेशान कर रही थी। आखिरकार पीडि़त मांगेराम के अतीत की जानकारी जुटाई तो पुलिस की उलझन सुलझने लगी। आपराधिक चरित्र का व्यक्ति मांगेराम की कई लोगों से दुश्मनी रही है। पुलिस केस की तह तक पहुंचने के प्रयास में जुट गई। मोबाइल की कॉल डिटेल को खंगाला जाने लगा। मांगेराम यूपी के बागपत मेरठ का रहने वाला बताया गया है। साल 2015 से हरिद्वार के सिडकुल में बतौर सुरक्षागार्ड कार्य कर रहा है। लेकिन इससे पूर्व का उसका चरित्र बेहद खतरनाक और आपराधिक रहा है। सिडकुल थाना प्रभारी देवराज शर्मा ने बताया कि पुलिस जल्द ही मांगेराम और उसकी पत्नी पर गोली मारने वालों को गिरफ्तार कर लेंगी।
सिडकुल में दंपति पर ताबड़तोड़ फायरिंग की पूरी हकीकत


