न्यूज 127.
एक युवक ने एक तरफा प्रेम में पागल होकर पहले युवती के घर जाकर उस पर गोली चला दी। युवती को मरा समझकर युवक वहां से फरार हो गया और पास के ही एक खेत में जाकर खुद को भी गोली मार ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना सहारनपुर जनपद के नागल थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर की है। पुलिस घटना को एकतरफा प्यार में मानकर चल रही है। जानकारी के अनुसार देवबंद थाना के गांव भायला निवासी राजन पुत्र सोमपाल सुबह करीब दस बजे युवती के घर ताजपुर गांव पहुंचा। घर में युवती और उसकी मां मिली। बताया जा रहा है कि युवती को सामने देखते ही युवक ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से युवती घायल हो गई। उसे स्वास्थ्य केंद्र नागल ले जाया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया। युवती की हालत गंभीर है।
युवती को गोली मारने के बाद युवक गांव के नजदीक खेत में पहुंचा और उसी तमंचे से खुद को भी गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। बताया जाता है कि ताजपुर में युवक की बुआ रहती है। जिसके चलते उसका यहां आना जाना रहता था। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। अभी तक जांच में एकतरफा प्यार की बात सामने आ रही है। इस घटना से गांव में सनसनी फैली है।