अमृतपाल की तलाश में उधमसिंह नगर में हाईअलर्ट, उत्तराखंड के रास्ते नेपाल भागने की आशंका




Listen to this article

नवीन चौहान.
पंजाब से फरार अमृतपाल सिंह की तलाश में उत्तराखंड में भी तलाश की जा रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस को मिले एक इनपुट के बाद उधमसिंह नगर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने जनपद में हाई अलर्ट किया है।

पंजाब पुलिस से मिले इनपुट के बाद उत्तराखंड की उधमसिंह नगर पुलिस ने जनपद में सघन अभियान चलाया। सूत्रों की मानें तो अमृतपाल सिंह अपने साथियों के साथ उत्तराखंड में छिपने का प्रयास कर सकता है। यही नहीं वह उत्तराखंड के रास्ते से ही नेपाल भाग सकता है। उसकी और उसके साथियों की तलाश में पुलिस चेकिंग अभियान चला रही है।

जनपद उधमसिंह नगर के सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान जारी है। फरार अमृतपाल सिंह और उसके साथियों के पोस्टर भी सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा किये गए हैं। बॉर्डर क्षेत्रों में विशेष रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजु नाथ टीसी के निर्देशानुसार जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में अमृतपाल व उसके सहयोगियों की तलाश हेतु सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अमृतपाल सिंह व उसके सहयोगी पंजाब पुलिस के अभियोगों में वांछित है। पंजाब पुलिस द्वारा अमृतपाल सिंह व उसके सहयोगियों के विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है।

अमृतपाल सिंह व उसके सहयोगियों के नेपाल भागने की संभावना के दृष्टिगत उत्तराखंड में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उत्तराखंड पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ अमृतपाल सिंह और उसके साथियों की तलाश में जुटी है।