नवीन चौहान, हरिद्वार। देवभूमि के स्कूली बच्चों को नशे की लत में धकेलने वाला हुक्काबार का संचालक यूपी के सहारनपुर का रहने वाला है। उसके पास हुक्काबार चलाने का कोई लाईसेंस नहीं है। इस हुक्काबार संचालक ने आसपास के दुकानदारों को भी लाईसेंस के खत्म होने की झूठी जानकारी दी है। इस हुक्काबार के साथ ही हरिद्वार के एक मॉल व रेस्टोरेंट व दो अन्य स्थानों पर अवैध तरीके से हुक्काबार चलाने की जानकारी मिली है। अब सवाल उठता है कि भारत के भविष्य को नशे के गर्त में धकेलने वाले इन माफियाओं पर प्रशासन और पुलिस कार्रवाई क्यो नहीं करती है। आखिरकार किसके दबाव में अवैध तरीके से इन हुक्काबार का संचालन कैसे हो रहा था। इससे पूर्व भी जब शहर के सैंकड़ों लोगों की करोड़ों की रकम डूब गई तो अवैध किट्टी के खेल से परदा उठा था।
एसएसपी कृष्ण कुमार वीके को कनखल सतीकुंड के पास एक कांपलेक्स में अवैध तरीके से हुक्काबार चलाने की सूचना पर छापा लगवाया था। वहां पुलिस ने कई बच्चों को हुक्काबार में आनंद लेते हुये और धुएं के छल्ले उडाते हुये रंगेहाथों पकड़ा था। नाबालिग बच्चों को तो पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया था। लेकिन हुक्काबार का तमाम सामान कब्जे में ले लिया। जब न्यूज127डॉट कॉम ने हुक्काबार के संबंध में पड़ताल की तो पता चला कि यूपी के सहारनपुर निवासी एक युवक इसको संचालित कर रहा था। इस संचालक ने हुक्काबार का लाईसेंस होने की जानकारी आस पड़ोस के दुकानदारों को दी थी। इस लाईसेंस के चलते सभी पड़ोसी अपनी जुबां पर ताला जड़े थे। लेकिन स्कूली बच्चों को धुएं के छल्ले उडाते दुकानदारों को तकलीफ थी। हालांकि कनखल पुलिस ने भी इस हुक्काबार में जाकर लाईसेंस को तस्दीक करने की कोशिश नहीं की। कनखल पुलिस की लापरवाही इस बात से साफ जाहिर होती है कि अवैध काम को बंद कराने में उनकी कोई रूचि नहीं है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि शहर के कई स्थानों पर हुक्काबार संचालित किये जा रहे है। बताते चले कि इन हुक्काबार में जाने वाले बच्चे 12 से 16 तक की आयु के है।
एसएसपी की सजगता से लगा ताला
एसएसपी कृष्ण कुमार वीके की सजगता के चलते कनखल क्षे़त्र के हुक्काबार पर ताला जड़ दिया गया। लेकिन शहर में चलने वाले इन हुक्काबार को बंद कराने के लिये खुद एसएसपी को ही आगे आना होगा। अथवा वहां के थाने की पुलिस एसएसपी की कार्रवाई से पूर्व ही इनको बंद करा देंगी।
हुक्काबार में 12 से 16 साल के बच्चों को नशे की लत , जानिये पूरी खबर

