हरिद्वार।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के कुड़ी भगवानपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर एक युवक पर लाठी-डंडों और सरिया से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी अस्पताल लक्सर से हायर सेंटर रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार कुड़ी भगवानपुर निवासी खुर्शीद अहमद का तहसीलदार लक्सर की अदालत में गांव के ही आशिक अली के साथ प्लॉट संबंधी मुकदमा विचाराधीन है। इसी विवाद के चलते 17 जनवरी को लेखपाल एवं कानूनगो द्वारा विवादित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया गया था। आरोप है कि निरीक्षण के कुछ ही घंटों बाद शाम करीब चार बजे गांव के कुछ लोग हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि लतीफ, शहनवाज उर्फ लालू, फिरोज, सदाम, आशिक, इसरार, वकीला, तमन्ना, आदिल और माजिद ने एकजुट होकर युवक शाकिब को चारों ओर से घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने लाठी-डंडों, सरिया और तबल से उस पर हमला बोल दिया। इस दौरान सदाम द्वारा सिर पर किए गए वार से युवक का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
खुर्शीद अहमद का कहना है कि हमलावरों में से एक व्यक्ति के हाथ में तमंचा भी था, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने से युवक की जान बच सकी, अन्यथा कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। आरोप है कि हमलावर घायल युवक को जबरन उठाकर पास की दुकान तक ले आए, तभी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
डर और अफरा-तफरी के चलते पीड़ित परिवार उसी रात थाने नहीं पहुंच सका। अगले दिन चौकी रायसी पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया, जहां से घायल का मेडिकल कराया गया। हालत गंभीर होने पर एक्स-रे के लिए जिला अस्पताल हरिद्वार रेफर किया गया।
पीड़ित खुर्शीद अहमद ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।




