नवीन चौहान
एक प्रेमी युगल ने करीब 15 साल के प्रेम को परवान चढ़ाते हुए शादी कर ली। दोनों एक दूसरे के साथ रहने लगे। लेकिन हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में दोनों के शव संदिग्ध अवस्था में जंगल में बरामद हुए। दोनों की हत्या की गई या दोनों ने आत्महत्या की। इस रहस्य से परदा उठाने में पुलिस जुटी है। दोनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना श्यामपुर क्षेत्र की है।
शनिवार की रात को पुलिस को चिड़ियापुर के जंगल में दो शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दीपक कठैत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने देखा कि एक लड़की व एक युवक का शव है। युवक की आयु करीब 30 साल व लड़की 25 साल प्रतीत हुई। शव करीब 20 दिन पुराने प्रतीत हुए। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लिया और शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस को सफलता मिली और दोनों मृतकों की पहचान हो गई। लड़के का नाम महीपाल पुत्र रतिराम निवासी नजीबाबाद, जिला बिजनौर और लड़की का नाम रितु पुत्री बीरबल निवासी गांव वीरमपुर, नजीबाबाद बिजनौर यूपी पता चला। पुलिस को पता चला कि लड़की की गुमशुदगी दर्ज है। पुलिस छानबीन के दौरान सामने आया कि दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते शादी की थी। लेकिन दोनों की संदिग्घ मौत ने पुलिस को सस्पेंस में डाल दिया। इस रहस्य से परदा उठाने के लिए थाना प्रभारी दीपक कठैत पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे है।
प्रेम प्रसंग के चलते की शादी और हरिद्वार में मिले दोनों के शव, सनसनी


