अल्मोड़ा में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, जमाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई








Listen to this article

अल्मोड़ा
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल सहित खाड़ी देशों में बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच सोशल मीडिया पर पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। इन अफवाहों को लेकर जिला प्रशासन अल्मोड़ा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जनपद में घरेलू गैस (एलपीजी) की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू है तथा नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला पूर्ति विभाग व संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि भारत सरकार के नियमों के अनुसार सिंगल गैस सिलेंडर कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं के लिए दूसरी बुकिंग के बीच न्यूनतम 25 दिन का अंतर निर्धारित है। उपभोक्ता फोन या ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग करने के बाद ही डिलीवरी मैन के माध्यम से गैस रिफिल प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने यह भी बताया कि
व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आवश्यक सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी न होने दी जाए। इसके लिए जनपद स्तर पर एक क्विक रिस्पांस टीम (Quick Response Team) का गठन किया गया है, जो गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखेगी। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा संभावित स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने एक आपातकालीन कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी शिकायत या सूचना के लिए कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05962-237875, 05962-237874 तथा मोबाइल नंबर +91 79004 33294 जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि पूरी होने के बाद ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। साथ ही घबराहट में आकर अनावश्यक बुकिंग करने से बचें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस रिफिल बुक करें। प्रशासन ने दोहराया कि जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।