कुंभ मेलाधिकारी सोनिका के आदेश पर कुर्सी छोड़कर निर्माण कार्यो का स्थलीय निरीक्षण करें कर्मचारी








Listen to this article

हरिद्वार
आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के लिए मेला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है। मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका ने मेला अधिष्ठान स्तर पर सभी विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
मेला अधिकारी सोनिका के अनुसार मेला अधिष्ठान में नियुक्त प्र
त्येक अधिकारी को अपने-अपने आवंटित विभागों के अंतर्गत संचालित कार्यों में से प्रतिदिन कम से कम एक कार्य का स्थलीय निरीक्षण अनिवार्य रूप से करना होगा। निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, समयबद्धता तथा मौके पर मौजूद समस्याओं का आकलन किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को समय रहते दूर किया जा सके।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निरीक्षण उपरांत संबंधित अधिकारी अपनी विस्तृत आख्या समयबद्ध रूप से मेला प्रशासन को प्रस्तुत करेंगे। इन आख्या के आधार पर उच्च स्तर पर समीक्षा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। मेला अधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला जैसे विशाल आयोजन में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग अत्यंत आवश्यक है, जिससे श्रद्धालुओं को सुचारु, सुरक्षित और सुविधाजनक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मेला प्रशासन का मानना है कि प्रतिदिन के स्थलीय निरीक्षण से कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी। इससे निर्माण कार्यों, आधारभूत सुविधाओं, यातायात, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी को प्रारंभिक स्तर पर ही दूर किया जा सकेगा।
मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निरीक्षण को केवल औपचारिकता न मानें, बल्कि गंभीरता से कार्यों की समीक्षा करें और यदि कहीं भी मानकों के अनुरूप कार्य नहीं पाया जाए तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।