सहारनपुर जनसभा में राजनाथ सिंह ने ठाकुरों को साधा




Listen to this article

नवीन चौहान. सहारनपुर के कस्बा बेहट में केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने यहां से भाजपा प्रत्याशी राघवलखन पाल के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस जनसभा के माध्यम से राजनाथ सिंह ने राजपूत समाज सहित सर्व समाज को साधने का प्रयास किया।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बेहट रोड स्थित पानसर के किसान विद्या मंदिर इंटर कालेज में भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल शर्मा के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाथ उठा कर उपस्थित जनसमूह को अभिवादन किया। इस दौरान पंडाल ठाकुर राजनाथ सिंह जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा।

अपने संबोधन में राजजनाथ सिंह ने कहा भाजपा जो कहती है वह करती है। हमने अपने घोषणापत्र में देश की जनता से वादा किया था कि जिस दिन हमें संसद में बहुमत मिल जाएगा। हम जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त देंगे। हमने अनुच्छेद 370 को समाप्त कर दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान को लैंड कराने वाला भारत दुनिया का अकेला देश है। यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संभव हो सका है।

कांग्रेस और सपा पर तंज कसते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस अफवाह फैला रही कि राजपूत नाराज हैं, हम सबको मना लेंगे। 2024 के चुनाव के बाद सपा समाप्त हो जाएगी और कांग्रेस के बारे में लोग पूछेंगे कौन कांग्रेस?। हम लोग जात पंथ-मजहब की नहीं इंसाफ और इंसानियत की राजनीति करते हैं। हमने वादा किया था जिस दिन बहुमत मिल जाएगा। हम अयोध्या की धरती पर भगवान राम का भव्य मंदिर बनाएंगे। हमने वह कर दिखाया है।