साक्षी धोनी ने हरकी पैड़ी पर किया गंगा स्नान, परिवार संग लिया आशीर्वाद




Listen to this article

हरिद्वार, न्यूज127।
भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी धोनी शुक्रवार की शाम हरकी पैड़ी पहुंचीं, जहां उन्होंने गंगा स्नान किया और गंगा आरती में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

सूत्रों के अनुसार, यह पूरी तरह से उनका निजी कार्यक्रम था। साक्षी धोनी के साथ उनके माता-पिता, सास-ससुर और अन्य परिजन भी मौजूद थे। गंगा आरती के समय हरकी पैड़ी पर पहुंचकर साक्षी धोनी ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ गंगा मैया की पूजा-अर्चना की।

गंगा आरती के दौरान हरकी पैड़ी पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी साक्षी धोनी को पहचान लिया, जिसके बाद वहां लोगों में उत्साह देखने को मिला। हालांकि, सुरक्षा कारणों से स्थानीय पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित रखा ताकि स्नान और पूजा-अर्चना में कोई व्यवधान न हो।

गौरतलब है कि साक्षी धोनी समय-समय पर धार्मिक स्थलों की यात्राएं करती रहती हैं। इससे पहले भी वह कई बार उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों पर दर्शन कर चुकी हैं।

हरकी पैड़ी पर गंगा आरती में शामिल होना उनके परिवार के लिए आध्यात्मिक अनुभव रहा। शाम की गंगा आरती के दौरान दीपों की रोशनी और “हर हर गंगे” के जयघोष के बीच साक्षी धोनी ने परिवार संग गंगा मैया से देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की।