नवीन चौहान
हरिद्वार में एक दिल को दहलाने वाली सनसनीखेज वारदात से पुलिस ने परदा उठा दिया है। पुलिस ने छह माह के मासूम बच्चे अंश की हत्या के आरोप में उसकी ही मां को गिरफ्तार कर लिया है। जिस बैंग में रखकर बच्चे को फेंका गया था वो बैंग पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी मां संगीता बलूनी ने अपने बेटे को फेंकने की बात स्वीकार कर ली है। लेकिन जिस किसी ने भी मासूम के अपहरण के बाद मां के मुंह से उनकी हत्या करने की बात सुनी उसका दिल सहम उठा।

एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने मासूम अंश अपहरण केस का खुलासा किया। एसएसपी ने बताया कि सिडकुल की हीरो माटो कॉर्प कंपनी में कार्यरत दीपक बलूनी जो कि सरला सदन सर्वप्रिय विहार कॉलोनी में निवास करते है। रविवार 3 नवंबर की दोपहर करीब सवा तीन बजे उनकी पत्नी संगीता बलूनी ने सूचना दी कि वह छह माह के मासूम बेटे अंश का अपहरण हो गया है। इस सूचना के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ तरीके से चेकिंग की। लेकिन बच्चे के अपहरणकर्ता का कोई सुराग नही लग पाया। पुलिस पीड़िता मां से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाती रही। पुलिस टीम को पीड़िता संगीता के बार—बार बयानों में विरोधाभास नजर आया। पुलिस की सख्ती से की गई पूछताछ में संगीता बलूनी टूट गई। संगीता ने पुलिस को बताया कि वह अंश से परेशान हो गई थी। बार—बार दूध मांगने की जिदद करता था। उसकी शैतानियों से वह तंग आ गई थी। जिसके चलते उसने एक काले रंग के बैंग में रखकर उसको नहर में फेंक दिया। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज में संगीता को काले रंग का बैंग ले जाने की फुटेज दिखाई तो वह पुलिस को गुमराह नही कर पाई। जिसके बाद संगीता बलूनी की घिनौती करतूत से परदा उठ गया।
आरोपी संगीता पुलिस को करती रही गुमराह
अपने मासूम बच्चे का कत्ल करने वाली मां संगीता पुलिस को गुमराह करती रही। पहले उसने अपहरण की कहानी बताई। उसके बाद से लगातार वह घर के सामने एक अंजान आदमी के होने की कहानी सुनाती रही। पुलिस को एक बार तो यकीन नही हुआ कि एक निर्दयी मां अपने जिगर के टुकड़े को नहर में फेंक सकती है। सो पुलिस पुख्ता सबूतों का खोजने में लगी रही। लेकिन आनंदमयी पुरम कालोनी के बाहर लगे एक सीसीटीवी फुटेज ने संगीता की घिनौनी करतूत को उजागर कर दिया।

पार्षद शुभम मंदोला का सराहनीय प्रयास
युवा भाजपा पार्षद शुभम मंदोला ने बच्चे के अपहरण की सूचना से लेकर केस के पटाक्षेप तक पुलिस की मदद की। शुभम मंदोला ने आसपास के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगालने में पुलिस की मदद की। तथा गंगनहर में तलाश करने में वह पुलिस के साथ रहे। पार्षद शुभम मंदोला ने जनता के आक्रोष को भी शांत कराया और इस रहस्यमयी केस का पर्दाफाश कराने में भी योगदान दिया।
पुलिस टीम में
कनखल एसओ हरिओमराज चौहान, जगजीतपुर चौकी प्रभारी शंभू सिंह सजवाण, कांस्टेबल मुकेश, महेंद्र सिंह तोमर,रविंद्र, अनिल कुमार, विनिता


