एसएसपी अजय सिंह बोले अवैध काम करने वाले बदमाशों को भेजो सलाखों के पीछे, मुखबिर तंत्र करो मजबूत




Listen to this article


नवीन चौहान
एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि जनपद में अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले असामाजिक तत्वों को सलाखों के पीछे भेजा जाए। पुलिस के मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया जाए। झगड़ा—फसाद करने वाले लोगों की सूची बनाई जाए। रात्रि गश्त और चेकिंग प्रभावी तरीके से हो। पीड़ित बुजुर्गो की समस्याओं का विशेष तौर पर सम्मान किया जाए। उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। हरिद्वार में भयमुक्त वातावरण देने के लिए जनता के साथ संवेदनशीलता और बदमाशों में पुलिस का खौफ बनाना होगा। पुलिस को अपनी कार्यशैली में बदलाव करना होगा।
एसएसपी कार्यालय के सभागार में पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने अपने इरादे जाहिर किए। उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षकों, क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों से परिचय लेने के बाद जनपद की कानून व्यवस्था की पूरी जानकारी ली। कई घंटे तक चली मैराथन बैठक में एसएसपी अजय सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य करना है। पुलिस बल जनता की सुरक्षा के लिए होती है। जनता के भरोसे को जीतने के लिए समाज में सुरक्षित वातावरण बनाकर रखने की जिम्मेदारी पुलिस की होती है। पूलिस को जनता की कसौटी पर पूरी तरह से खरा उतरना है।
एसएसपी अजय सिंह ने पुलिस को कार्य करने के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में भी समझते हुए अपनी प्राथमिकताओं को बताया। अवैध कृत्यों को अंजाम देने वाले बदमाशों को गिरफ्तार किया जाए। वारंट की तामील कराई जाए। लंबित मुकदमों की विवेचना का समय पर निस्तारण किया जाए। एसएसपी अजय सिंह ने पुलिस बल को सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
विदित हो कि एसएसपी अजय सिंह की गिनती तेज तर्रार पुलिस अफसरों में की जाती है। उन्होंने आईपीएस कैडर मिलने के बाद रूद्रप्रयाग एसपी के तौर पर प्रभावशाली कार्य किए। अकेले बुजुर्गो और गरीबों की सेवा करने के लिए पुलिस को घर—घर भेजा और उनकी मदद कराई। रूद्रप्रयाग जनपद में उनकी कार्यशैली को खूब सराहा गया। वही एसटीएफ एसएसपी के तौर पर वह आक्रामक छवि में नजर आए। यूकेएसएससी परीक्षा भर्ती घोटाले में उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से विवेचना कराई और 53 नकल माफियाओं को जेल भेजने का कार्य किया। एसएसपी अजय सिंह की कार्यशैली से उत्तराखंड सरकार की छवि भी बेहतर हुई और पुलिस पर जनता का भरोसा कायम हुआ।
ऐसे में हरिद्वार जनपद के एसएसपी के तौर पर अजय सिंह को कई चुनौतियां भी मिली है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और नशा माफियाओं के नेटवर्क को नेस्तानाबूत करना ही उनकी सबसे बड़ी चुनौती है।
एसएसपी अजय सिंह तमाम चुनौतियों को स्वीकार करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए कार्यभार ग्रहण कर चुके है। जनता की निगाहे उनकी कार्यशैली पर बनी हुई है। जनता के विश्वास को जीतने के लिए उन्होंने भी कमर कस ली है।