अचानक हुआ धमाका उड़ गई चार मकानों की छत, दो की मौत




Listen to this article

संजीव शर्मा
फलावदा थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर में अचानक हुए धमाके से चार मकानों की छत उड़ गई। मलबे में कई लोग दब गए। बताया जा रहा है कि इस हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में महिला और बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट पटाखों में हुआ हालांकि गैस सिलेंडर के फटने की बात भी सामने आ रही है। विस्फोट कैसे हुआ अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है और राहत कार्य में जुटी है। घायलों को अलग अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चार घायल मोदीपुरम के एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। इनमें एक महिला और तीन बच्चे शामिल हैं। एक बच्चे को वेंटीलेटर पर रखा गया है जबकि महिला को बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है। महिला और बच्चे की हालत अधिक गंभीर बनी हुई है।

हादसे में नासिर और उसके एक बेटे की मौत हो गई, हालांकि अभी इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नासिर की पत्नी की हालत भी गंभीर बनी हुई है, उसे अस्पताल के बर्न वार्ड में रखा गया है। देर रात तक पुलिस के साथ मिलकर ग्रामीण बचाव कार्य में जुट हैं। मौके पर फोरेंसिक की टीम को भी बुला ​लिया गया है। फोरेंसिंक की टीम भी मौके से साक्ष्य से जुटा रही है। थाना पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सही स्थिति का पता चलेगा कि विस्फोट कैसे हुआ।