न्यूज 127.
चंपावत जिले के बनबसा और टनकपुर क्षेत्रों में जिला पंचायत चुनाव में भाजपा ने अपने चुनाव प्रचार को तेज कर दिया है। भाजपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने भी चंपावत में चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। वह स्वयं मैदान में उतर कर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।
28 जुलाई को होने वाले जिला पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश है, और जनसंपर्क अभियान अब गांव-गांव तक पहुंच चुका है। पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने भाजपा के जिला पंचायत प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया और मतदाताओं से भाजपा को भारी मतों से जिताने की अपील की। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि भाजपा का एकमात्र एजेंडा “विकास और सेवा” है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड के हर जिले में समान रूप से विकास कार्य हो रहे हैं। चंपावत स्वयं मुख्यमंत्री का निर्वाचन क्षेत्र है। यहां विकास की रफ्तार और प्रभाव दोनों ही ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा कि चंपावत की जनता भाग्यशाली है कि उन्हें मुख्यमंत्री जैसा जनप्रतिनिधि मिला है। अब जिला पंचायत में भी भाजपा को विजयी बनाकर जिले के समग्र विकास को नई गति दी जा सकती है। प्रचार अभियान में भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय कुमार, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, और कई स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
स्वामी यतीश्वरानंद ने चंपावत में दिखायी भाजपा की ताकत, मैदान में उतरे




