नेपाली मूल की महिला के ब्लॉक प्रमुख बनने का आरोप, विधानसभा में गूंजा मामला








Listen to this article


न्यूज127
उत्तराखंड की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने विधानसभा में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि धारचूला की वर्तमान ब्लॉक प्रमुख नेपाली मूल की हैं। उन्होंने यह दावा सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर किया है।
विधानसभा में मुद्दा उठाते हुए विधायक हरीश धामी ने कहा कि उनके पास ऐसे दस्तावेज मौजूद हैं जिनसे यह संकेत मिलता है कि निर्वाचित महिला के पिता नेपाली नागरिक हैं और नेपाल में उनकी पैतृक जमीन व संपत्ति आज भी मौजूद है। उन्होंने कहा कि यदि यह तथ्य सही साबित होते हैं तो यह मामला बेहद गंभीर है, क्योंकि किसी विदेशी मूल के व्यक्ति का भारत में संवैधानिक पद पर चुना जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था और सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय हो सकता है।
हरीश धामी ने सदन में यह भी आरोप लगाया कि इतने महत्वपूर्ण मुद्दे को अपेक्षित गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं बल्कि पूरे सिस्टम की पारदर्शिता और वैधता से जुड़ा विषय है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
विधायक हरीश धामी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे इसके विरोध में आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे। उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अब देखना यह होगा कि सरकार इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाती है और संबंधित मामले की जांच किस स्तर पर कराई जाती है।